25 लाख श्रद्धालुओं ने किए मां पूर्णागिरि के दर्शन
टनकपुर । टनकपुर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ पूर्णागिरि धाम में आयोजित वर्ष 2026 के पूर्णागिरि मेले का सोमवार को विधिवत समापन हो गया। 27 फरवरी को शुरू हुए मेले के दौरान लगभग 25 लाख श्रद्धालुओं ने माँ पूर्णागिरि के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मेले के औपचारिक समापन समारोह में जिलाधिकारी मनीष कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और माँ पूर्णागिरि के आशीर्वाद से इस वर्ष मेले का संचालन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि वर्षभर में माँ पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 50 लाख से अधिक रही है। उन्होंने मेले के सफल संचालन में योगदान देने वाले सभी विभागों, पुलिस, एसएसबी, पूर्णागिरि मंदिर समिति तथा अन्य सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता रही। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया। साथ ही पूर्णागिरि क्षेत्र के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बाटनागाड़ और किरोड़ा में आधारभूत संरचनाओं का निर्माण, मार्गों का सुधारीकरण, चूका में हेलीपैड निर्माण, पूर्णागिरि रोपवे परियोजना तथा मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण जैसे विकास कार्य प्रगति पर हैं, जिनसे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को व्यापक लाभ मिलेगा। समापन समारोह के दौरान मेले के सफल संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों, पूर्णागिरि मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, जिला पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा पत्रकारों को स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा ने मेले के औपचारिक समापन की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद, पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख एवं पूर्व मंदिर समिति अध्यक्ष भुवन चंद पाण्डेय, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, पुलिस उपाधीक्षक निहारिका सेमवाल, मेला अधिकारी एवं अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अनिल जोशी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विजय उप्रेती, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष मदन कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



