नगर पंचायत गढ़नेगी में शांतिपूर्ण हुआ मतदान
काशीपुर (उद संवाददाता)। जिले की नवगठित गढ़ीनेगी नगर पंचायत में पहले निकाय चुनाव के लिए शांतिपूर्ण मतदान हुआ। सुबह 8 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू होते ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। क्षेत्रवासियों में अपने पहले जनप्रतिनिधियों को चुनने को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है। बता दें गढ़ीनेगी को हाल ही में नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद यह पहला चुनाव है। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के साथ 7 सदस्य पदों के लिए भी मतदान कराया जा रहा है।अध्यक्ष पद अनारक्षित होने के कारण मुकाबला रोचक बना हुआ है और प्रत्याशियों के समर्थकों में भी उत्साह दिखाई दे रहा है। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने नगर पंचायत गढ़नेगी मतदान दिवस पर बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए की गई व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा मतदान प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने मतदान कर्मियों से मतदान की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदाता को निर्भीक एवं सुगमता के साथ मतदान करने का अवसर उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और तैनात सुरक्षा कर्मियों को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। दोपहर तक नगर पंचायत गढ़नेगी में लगभग 55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया जा चुका था। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, पुलिस क्षेत्रधिकारी प्रशांत कुमार, डी.आर. वर्मा, तहसीलदार पंकज चंदोला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
