Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कैंची धाम में जाम से मिलेगी राहत, रातिघाट बाईपास जल्द होगा शुरू

नैनीताल। कैंची धाम में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए निर्माणाधीन भवाली-सैनिटोरियम-रातिघाट बाईपास मार्ग का सोमवार को कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मार्ग में सड़क कटान का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि वैली ब्रिज का निर्माण अंतिम चरण में है और अगले तीन दिनों में इसे पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद आवश्यक परीक्षण कर बाईपास मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।आयुक्त ने निर्देश दिए कि मार्ग के समतलीकरण, साइनेज और सुरक्षा मानकों से जुड़े शेष कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।इस दौरान उन्होंने कैंची धाम में निर्माणाधीन पार्किंग एवं मानस मंदिर माला योजना के तहत चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि 330 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें दो मंजिला ढांचा तैयार हो चुका है और 180 वाहनों की पार्किंग तत्काल उपयोग के लिए उपलब्ध है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पाथवे का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है तथा कंट्रोल रूम भी स्थापित कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार सभी निर्माण कार्य अगले तीन महीनों में पूर्ण कर लिए जाएंगे, जिससे कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *