Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अल्मोड़ा की जनसभा में उमड़ा जनसैलाब देख भावुक हुए हरीश रावत, बोले- मेरे पांव आज भी गांव-गांव आने को मचलते हैं

गणेश गोदियाल ने जताया खेद, जनता और कार्यकर्ताओं का किया आभार
अल्मोड़ा।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अल्मोड़ा के सिमकनी मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में उमड़ी भीड़ को देखकर भावुक हो गए। उन्होंने जनता के स्नेह और समर्थन के लिए आभार जताते हुए कहा कि उनके कदम आज भी कुमाऊं के दूर-दराज के गांवों, गाड़-गधेरों और धारों में बसे लोगों के बीच पहुंचने के लिए मचलते हैं। हरीश रावत ने कहा कि अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र से उनका चुनावी संबंध समाप्त हुए लगभग 28 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन क्षेत्र की जनता का प्यार और अपनापन आज भी वैसा ही बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा छोड़ने के बाद हरिद्वार उनका कर्मक्षेत्र बना, जहां उन्होंने लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई, लेकिन कुमाऊं से उनका भावनात्मक जुड़ाव कभी कम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि आज भी उनकी इच्छा है कि वे अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, डीडीहाट, धारचूला, रानीखेत, भिकियासैंण और द्वाराहाट जैसे क्षेत्रों के छोटे-बड़े बाजारों में जाकर लोगों से मिलें और उनका अभिवादन करें। उन्होंने कहा कि उनके पांव आज भी दूर-दराज के गांवों में पहुंचने के लिए मचलते हैं और वह एक बार फिर मरचूला से धारचूला तथा मुनस्यारी तक जनता के बीच आएंगे।पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने अपने पुत्र आनंद रावत को भी क्षेत्र के लोगों से वर्षों पुराने सामाजिक संबंधों को आगे बढ़ाने और उन्हें अपनी सामाजिक पूंजी बनाने की सीख दी है।सिमकनी मैदान में उमड़ी भीड़ और जनता के उत्साह का जिक्र करते हुए हरीश रावत ने कहा कि लोगों के प्रेम ने उन्हें नई ऊर्जा दी है। उन्होंने कहा कि मंच से उतरकर जब वह जनता के बीच पहुंचे तो जगह-जगह लोगों ने उन्हें रोककर सेल्फी ली और उनका अभिवादन किया। जनता का यह स्नेह उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है।रावत ने कहा कि वह इस ऊर्जा का उपयोग पूरे उत्तराखंड की सेवा के लिए करना चाहते हैं। उन्होंने मां नंदा देवी, गोलज्यू देवता और जागनाथ भगवान से प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनसेवा के लिए आशीर्वाद मांगा।

गणेश गोदियाल ने जताया खेद, जनता और कार्यकर्ताओं का किया आभार
अल्मोड़ा/पौड़ी। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के अल्मोड़ा और पौड़ी प्रस्तावित कार्यक्रमों के प्रतिकूल मौसम के कारण स्थगित होने पर खेद व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की प्रबल इच्छा थी कि वे उत्तराखंड की जनता से सीधे संवाद करें, लेकिन मौसम की खराब परिस्थितियों के चलते यह संभव नहीं हो सका।गणेश गोदियाल ने कहा कि कार्यक्रम आयोजित नहीं हो पाने के बावजूद अल्मोड़ा और पौड़ी में हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों, कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का उत्साह, समर्पण और जनसमर्थन अभूतपूर्व रहा। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस के प्रति जनता के विश्वास और समर्थन का प्रमाण है।उन्होंने कार्यक्रमों की तैयारियों में दिन-रात जुटे सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और देवतुल्य जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया। गोदियाल ने विशेष रूप से प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, सह प्रभारी मनोज यादव, सुरेंद्र शर्मा तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि सभी ने कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। गोदियाल ने बताया कि राहुल गांधी ने उत्तराखंड की जनता के प्रति अपना स्नेह और प्रतिबद्धता दोहराते हुए शीघ्र ही पुनः राज्य का दौरा करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि अगली बार राहुल गांधी का उत्तराखंड आगमन और भी अधिक उत्साह, ऊर्जा तथा जनसमर्थन के साथ होगा। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनता के बीच पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करते रहने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *