Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

घरेलू विवाद में पति ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला

अल्मोड़ा। सल्ट विकासखंड की खुमाड़ ग्रामसभा में देर रात एक महिला की कथित तौर पर उसके पति द्वारा हत्या किए जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आरोप है कि घरेलू विवाद के दौरान पति ने अपनी पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया। जानकारी के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। देर रात हुई इस घटना की सूचना मिलते ही सल्ट थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। शुक्रवार सुबह रानीखेत से क्षेत्रधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। पुलिस की मौजूदगी में तहसीलदार आबिद अली ने पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी कराई। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेजा गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना के बाद से आरोपी पति फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई गई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *