Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

टेंपो ट्रैवलर पलटने से महिला श्रद्धालु की मौत,17 घायल

गाजियाबाद से बदरीनाथ जा रहे यात्रियों से भरा वाहन जोशीमठ के पास पलटा
चमोली। उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा के दौरान शुक्रवार तड़के बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जोशीमठ के निकट पैनी क्षेत्र में गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य यात्राी घायल हो गए। जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर में चालक सहित कुल 18 लोग सवार थे। वाहन गाजियाबाद से श्रद्धालुओं को लेकर बदरीनाथ धाम की ओर जा रहा था। शुक्रवार सुबह जोशीमठ के पास पैनी क्षेत्र में अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे टेंपो ट्रैवलर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर वाहन में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे में गाजियाबाद निवासी श्रद्धालु आरती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य 17 घायल यात्रियों का उपचार किया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग किया। ज्योर्तिमठ कोतवाल देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि वाहन में कुल 18 यात्राी सवार थे, जिनमें एक महिला की मृत्यु हो गई है जबकि 17 अन्य घायल हैं। पुलिस ने मृतका के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। चारधाम यात्रा के दौरान हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षित ड्राइविंग और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता को रेखांकित किया है। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *