Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

देवभूमि में राहुल गांधी के आगमन को लेकर युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह : यशपाल आर्य ने लिया तैयारियों का जायजा

यशपाल आर्य ने लिया तैयारियों का जायजा,जनसभा प्रदेश में राजनीतिक बदलाव का नया अध्याय लिखने का काम करेगी
अल्मोड़ा।लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की आगामी 4 जून को प्रस्तावित अल्मोड़ा जनसभा को लेकर कांग्रेस संगठन पूरी ताकत के साथ तैयारियों में जुट गया है। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि 4 जून को अल्मोड़ा में आयोजित होने वाली यह विशाल जनसभा प्रदेश में राजनीतिक बदलाव का नया अध्याय लिखने का काम करेगी। उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ कार्यक्रम स्थल सिमकानी मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक मनोज तिवारी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद यशपाल आर्य ने विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाते हुए कार्यकर्ताओं की बैठकें भी कीं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में आयोजित होने वाली राहुल गांधी की जनसभा प्रदेश की राजनीति में बदलाव और न्याय का नया संदेश लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि देवभूमि में राहुल गांधी के आगमन को लेकर युवाओं, किसानों, मातृशक्ति और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। यशपाल आर्य ने कहा कि सड़क से संसद तक आम जनता के हक और न्याय की आवाज बुलंद करने वाले राहुल गांधी के स्वागत के लिए पूरा कांग्रेस संगठन जमीनी स्तर पर मजबूती के साथ तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि अल्मोड़ा की धरती से उठने वाला बदलाव का संदेश पूरे प्रदेश में नई राजनीतिक दिशा तय करेगा।जनसभा की तैयारियों के तहत यशपाल आर्य ने नगर क्षेत्र में व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से मुलाकात कर अधिक से अधिक संख्या में जनसभा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभा में बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं और युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। साथ ही कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को जनसभा की जानकारी देने और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।वहीं, विभिन्न क्षेत्रो में भी कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनसभा की रूपरेखा, रूट प्रबंधन तथा कार्यकर्ताओं और आम जनता की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी की जनसभा को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बनाने के लिए संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और मुस्तैदी के साथ जुटा हुआ है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *