Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

केदारनाथ मार्ग पर चार धाम यात्रियों की बस पलटी, पांच घायल

टिहरी। ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को चारधाम यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पांच यात्राी घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार हरियाणा नंबर की बस एचआर 73 बी 6666 चारधाम यात्रियों को लेकर गंगोत्री धाम से केदारनाथ धाम जा रही थी। बस में कुल 22 लोग सवार थे, जिनमें 18 यात्राी, दो रसोइये, एक चालक और एक परिचालक शामिल थे। रविवार को कंडीखाल और चंबा के बीच खेतधार मोड़ के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि बस पहले सड़क किनारे खड़े एक पिकअप वाहन से टकराई और उसके बाद सड़क पर पलट गई। दुर्घटना चंबा मार्ग पर कंडीखाल से लगभग तीन किलोमीटर आगे जौलांगी क्षेत्र के समीप हुई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही कंडीखाल पुलिस चौकी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। हादसे में घायल पांच यात्रियों का उपचार चल रहा है। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी यात्राी की जान नहीं गई और समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कंडीखाल पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि बस गंगोत्री से केदारनाथ जा रही थी और खेतधार मोड़ के समीप अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। घटना की सूचना पर राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक जानकारी जुटाई। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *