अल्मोड़ा में राहुल गांधी की जनसभा में उधम सिंह नगर से भी पहुंचेंगे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता
रुद्रपुर । कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का आगामी उत्तराखण्ड दौरा प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा। यह दौरा न केवल कांग्रेस संगठन को नई मजबूती प्रदान करेगा, बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति तय करने में भी अहम भूमिका निभाएगा। यह बात कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी का दो दिवसीय उत्तराखण्ड दौरा पूरी तरह तय हो चुका है। चार जून को राहुल गांधी अल्मोड़ा में आयोजित विशाल जनसभा और रैली को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ केंद्रीय एवं प्रदेश स्तरीय नेता भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कुमाऊं मंडल के विभिन्न जिलों से हजारों कार्यकर्ता रैली में भाग लेने पहुंचेंगे और इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि उधम सिंह नगर जनपद से भी हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी अल्मोड़ा के लिए रवाना होंगे। इसके लिए पार्टी संगठन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रत्येक ब्लॉक, नगर और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क किया जा रहा है और रैली में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बैठकें आयोजित की जा रही हैं। जिलाध्यक्ष गावा ने कहा कि राहुल गांधी के प्रति युवाओं, महिलाओं, किसानों और आम कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यकर्ता इस रैली को लेकर बेहद उत्साहित हैं और बड़ी संख्या में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अल्मोड़ा की यह रैली उत्तराखण्ड की अब तक की सबसे बड़ी राजनीतिक सभाओं में से एक साबित होगी। उन्होंने बताया कि अल्मोड़ा में कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी उसी दिन अपरार् िंकरीब साढ़े तीन बजे पौड़ी पहुंचेंगे, जहां वह पूर्व सैनिक सम्मेलन में भाग लेंगे। इस सम्मेलन में वह पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से सीधा संवाद करेंगे तथा उनसे जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड वीर सैनिकों की भूमि है और यहां बड़ी संख्या में सैनिक एवं पूर्व सैनिक परिवार रहते हैं। ऐसे में राहुल गांधी का यह कार्यक्रम विशेष महत्व रखता है। हिमांशु गावा ने बताया कि पांच जून को राहुल गांधी देहरादून में कांग्रेस संगठन के वरिष्ठ नेताओं, विभिन्न प्रकोष्ठों और विभागों के अध्यक्षों, जिला अध्यक्षों तथा अन्य प्रमुख पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इसके अलावा वह पार्टी के वर्तमान एवं पूर्व विधायकों से भी मुलाकात करेंगे। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह दौरा प्रदेश कांग्रेस के लिए नई दिशा और नई ऊर्जा लेकर आएगा। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को मजबूती से उठा रही है और राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी लगातार जनहित के सवालों पर संघर्ष कर रही है। जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण है। राहुल गांधी का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को नई प्रेरणा देगा और संगठन को चुनावी दृष्टि से मजबूत आधार प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ इस दौरे को सफल बनाने में जुटे हैं और राहुल गांधी का उत्तराखण्ड आगमन प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण संदेश देने वाला साबित होगा। वार्ता के दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, महानगर अध्यक्ष ममता रानी सहित संदीप चीमा, उमा सरकार, गणेश उपाध्याय, ममता हालदार, नारायण सिंह बिष्ट, सतीश कुमार, नवीन खेतवाल, हरि अधिकारी, अर्जुन विश्वास, मोहन कुमार, बाबू विश्वकर्मा व उमर अली आदि मौजूद थे।
