साढ़े चार करोड़ के नकली और असली नोटों की गड्डियों के साथ दो गिरफ्तार
रुद्रपुर/गदरपुर । ऊधमसिंहनगर पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार् के तहत नकली नोटों के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लगभग 4 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य के असली एवं नकली नोट बरामद किए हैं। बरामद नोटों में कई गड्डियों में ऊपर भारतीय रिजर्व बैंक के असली 500 रुपये के नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया अंकित नकली नोट रखे गए थे, ताकि आम लोगों को आसानी से धोखा दिया जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जनपद में नकली नोटों के कारोबार से जुड़े अपराधियों में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में मामला बड़े स्तर पर फर्जी करेंसी खपाने और आर्थिक अपराध से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की तलाश में जुट गई है। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अपराध और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एसएसपी अजय गणपति द्वारा पूरे जनपद में अपराधियों, आर्थिक अपराधों में संलिप्त गिरोहों, अवैध कारोबारियों और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को नकली नोट, नशा, संगठित अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में गदरपुर कोतवाली पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और गतिविधियों की चेकिंग कर रही थी। पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में एसएचओ गदरपुर भूपेंद्र सिंह बृजवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सैफ्रटा फार्म रोड पर पंचपुरी गूलरभोज के पास स्थित एक खोखे में कुछ लोग भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। मौके से दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई तो भारी मात्रा में नकली और असली नोट बरामद हुए। नोटों की जांच में पुलिस भी हैरान रह गई। कई गड्डियों में ऊपर असली नोट और नीचे नकली नोट रखे गए थे। पुलिस के अनुसार आरोपित इन नोटों को बाजार में असली नोटों के रूप में चलाने की तैयारी में थे। पुलिस ने मौके से 500 रुपये के नोटों की कई गड्डियां बरामद की हैं। इनमें 18 गड्डियों में 500 रुपये के नकली नोट मिले, प्रत्येक गड्डी में 200 नोट थे। इसके अलावा 20 गड्डियों में ऊपर असली और नीचे नकली नोट पाए गए। 22 गड्डियों में अधिकांश नोट Children Bad Of India अंकित नकली मिले। 12 अन्य गड्डियों में भी ऊपर असली और नीचे नकली नोट रखे गए थे। 15 गड्डियों में मुख्य नोट असली जबकि नीचे नकली नोट मिले। पुलिस ने एक काला सफेद धारीदार बैग भी बरामद किया, जिसमें 157 गड्डी 500 रुपये के नकली नोट भरे हुए थे। कुल बरामदगी लगभग 4 करोड़ 54 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में गिरफ्रतार आरोपितों की पहचान मुनतियाज पुत्र साहिद निवासी केशव नगर वार्ड नंबर 6 थाना बाजपुर, उम्र 24 वर्ष तथा मनोज कुमार पुत्र दूधनाथ निवासी ग्राम पंचपुरी कोपा गूलरभोज थाना गदरपुर, उम्र 41 वर्ष के रूप में हुई है। बरामदगी और पूछताछ के आधार पर कोतवाली गदरपुर में मुकदमा संख्या 141/2026 धारा 179, 180 और 3;5 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपितों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि नकली नोट कहां से लाए गए, किन लोगों के माध्यम से इनकी सप्लाई हो रही थी और इन्हें किन क्षेत्रों में खपाने की योजना थी। पुलिस आरोपितों के आपराधिक इतिहास और उनसे जुड़े अन्य संभावित सदस्यों की भी जानकारी जुटा रही है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधमसिंहनगर में आर्थिक अपराध, नकली नोट, नशा और संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जनपद पुलिस पूरी सतर्कता और पेशेवर दक्षता के साथ अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसएचओ भूपेंद्र सिंह बृजवाल, उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह खड़ायत, उप निरीक्षक मुकेश मिश्रा, हेड कांस्टेबल जगवीर सिंह, कांस्टेबल लक्ष्मण कुमार, कांस्टेबल रघुवर सिंह और कांस्टेबल अमित देवरानी शामिल रहे।
