दो दुकानों में हुई चोरी का पुलिस टीम ने किया खुलासा
दो गिरफ्तार, 6200 की नगदी, 9 क्लासिक के डिब्बे व ई रिक्शा बरामद
काशीपुर। ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर दो दुकानों में हुई चोरी का पुलिस टीम ने खुलासा करते हुए घटना में प्रयुक्त ई रिक्शे के साथ दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हजारों की नगदी और जरूरी दस्तावेज बरामद किए। पहली घटना के बारे में बीते 23 मई को मोहल्ला शिवनगर निवासी ललित पुत्र रामशरण ने बताया कि अज्ञात चोरों द्वारा उसके खोखे का ताला तोड़कर 4000 हजार की नगदी तथा 15-20 डिब्बे क्लासिक सिगरेट व उसका आधार कार्ड चोरी कर लिया गया। इसी तरह एक अन्य घटना में विधाता मार्बल प्राइम हॉस्पिटल के समीप रामनगर रोड निवासी दीपेश जैन पुत्र सज्जन कुमार ने बताया कि बीते 17 मई की रात्रि में उसके दुकान का शटर काटकर काउंटर से अज्ञात चोरों द्वारा 6 हजार रुपए ड्राइविंग लाइसेंस व आधार कार्ड चोरी कर लिया गया। दोनों ही मामलों में पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की। घटना के अनावरण के लिए गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर चेकिंग के दौरान मानपुर तिराहे के पास से पार्वती कॉलोनी गुरुद्वारा के पीछे निवासी सुमित पुत्र कल्लू तथा मोहल्ला कानून गोयान निवासी प्रियांशु शर्मा उर्फ जानू पुत्र मनीष शर्मा को चोरी की घटना में प्रयुक्त टुकटुक रिक्शा संख्या यूके 18 आर/6853 के साथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में दोनों के कब्जे से पुलिस को 6200 रुपए व 9 क्लासिक मार का सिगरेट की डिब्बी बरामद हुई। पुलिस की तल्खी देख दोनों ने जुर्म इकबाल कर लिया। गिरफ्तार दोनों चोरों से जरूरी पूछताछ के बाद पुलिस द्वारा उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया। खुलासा करने वाली पुलिस टीम में एस आई मीना रावत, कंचन पलाडिया, प्रकाश बोरा, कांस्टेबल जगदीश पपने व गौरव सनवाल शामिल रहे।
