Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

करोड़ों की जमीन धोखाधड़ी में चर्चित ठेकेदार धनंजय गिरी को एसआईटी ने किया गिरफ्तार

ऊधमसिंह नगर एसआईटी ने की बड़ी कार्रवाई,धनंजय पर 10 करोड़ से अधिक की ठगी का है आरोप

हल्द्वानी (उद संवाददाता)। जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के आरोपों में घिरे हल्द्वानी के चर्चित ठेकेदार धनंजय गिरी को ऊधमसिंह नगर की एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया है। कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल के निर्देश पर गठित एसआईटी टीम ने गुरुवार देर रात यह बड़ी कार्रवाई की। आरोपी को काठगोदाम थाने में हिरासत में रखकर पूछताछ की जा रही है। धनंजय गिरी पर लोगों को सस्ती जमीन दिलाने, प्लॉट बेचने और निवेश पर मोटा मुनाफा देने का झांसा देकर करोड़ों रुपये हड़पने के गंभीर आरोप हैं। मामले की जांच नवंबर 2024 से चल रही थी, जिसमें अब तक करीब 20 लोग एसआईटी के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करा चुके हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि धनंजय गिरी और उसके साथियों ने मिलकर अलग-अलग लोगों से करीब 10 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। कई मामलों में तो जमीन की डील के नाम पर भारी-भरकम एडवांस रकम ली गई, लेकिन न तो बैनामा किया गया और न ही पैसे वापस किए गए। एसआईटी की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी एक ही जमीन को कई लोगों को दिखाकर उनके साथ सौदेबाजी करता था। लगातार बढ़ती शिकायतों के बाद पुलिस मुख्यालय ने इस प्रकरण को गंभीरता से लिया। पिछले कई महीनों से एसआईटी बैंक लेनदेन, संपत्तियों के दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही थी। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इस बड़े ठगी नेटवर्क में धनंजय गिरी के साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे। धनंजय गिरी पूर्व में भी विवादित जमीन सौदों और संदिग्ध आर्थिक लेनदेन को लेकर शहर में चर्चाओं में रहा है। कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करते हुए विस्तृत ब्रीफिंग की जाएगी। इस गिरफ्तारी के बाद शहर के अन्य प्रॉपर्टी डीलरों और भू-माफियाओं में भी हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *