एनएच पर शराब से भरा कैंटर पलटा,चालक गंभीर
गदरपुर (उद संवाददाता)। राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर देर रात शराब से भरा एक कैंटर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें लदी लाखों रुपये की शराब का भारी नुकसान हो गया। इस भीषण हादसे में कैंटर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि परिचालक बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार, कैंटर संख्या यूके 14-सी 3127 देहरादून से पिथौरागढ़ की ओर जा रहा था। इस कैंटर में करीब 100 पेटी शराब लदी हुई थी। जैसे ही कैंटर गदरपुर क्षेत्र में पहुंचा, तभी अचानक सामने आई एक घोड़ा गाड़ी को बचाने के प्रयास में वाहन चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार कैंटर सड़क पर ही पलट गया। कैंटर पलटने से उसमें रखी करीब 30 पेटी शराब की बोतलें टूट गईं, जिससे भारी आर्थिक नुकसान होना बताया जा रहा है। दुर्घटना में कैंटर चालक रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राहगीरों और पुलिस की मदद से तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। वहीं वाहन के परिचालक विशाल ने बताया कि अचानक सामने आई घोड़ा गाड़ी के कारण ही वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और क्रेन की मदद से वाहन को साइड करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी बाधित रहा।
