कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने हल्द्वानी में सुनीं जनसमस्याएं
हल्द्वानी । आयुक्त व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने कैंप कार्यालय हल्द्वानी में जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जनता की समस्याओं को सुना और अधिकांश जन समस्याओं को मौके पर ही निस्तारित किया। इन समस्याओं में भूमि विवाद, भरण पोषण, जाति स्थाई एवं जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, सड़क निर्माण और धोखाधड़ी जैसे गंभीर प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई की और संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया। जनसुनवाई में गढ़खेत, विकास खंड गरुड़ जिला बागेश्वर के क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण कुमार उर्फ लच्छू पहाड़ी ने अवगत कराया कि डोकरा से सेल कोन तक कुल 5 किलोमीटर सड़क पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई जानी है, जिसके बनने से करीब 300 परिवारों को लाभ होगा, लेकिन अभी तक वह सड़क एक साल से गतिमान है। इसी प्रकार थोलिया बजानी से मिजुलिया तक पीएमजीएसवाई द्वारा 10 किलोमीटर की सड़क बनाई जानी है, जिसका लाभ क्षेत्र के 200 परिवारों को मिलेगा, जिसकी प्रक्रिया विगत 1 साल से गतिमान है। इसके शीघ्र निर्माण हेतु लच्छू पहाड़ी ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत से अनुरोध किया। इस संबंध में कुमाऊं आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र निर्माण कार्य की कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। इसी क्रम में गोलापार से आए एक शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके घर से 50 मीटर दूरी पर मुर्गी फार्म है जिसमें 2000 मुर्गियां वर्तमान में मौजूद हैं, जहां से अत्यधिक दुर्गंध आती है जिस कारण वहां रहना मुश्किल होता जा रहा है। शिकायतकर्ता ने उसे वहां से हटाने के लिए अनुरोध किया। इस संबंध में कुमाऊं आयुक्त ने संबंधित मुर्गी फार्म स्वामी को निर्देशित किया कि मुर्गी फॉर्म की निष्प्रयोजित सामग्री के निस्तारण की उचित व्यवस्था की जाए और साफ सफाई, ट्रीटमेंट प्लांट व मैनेजमेंट की व्यवस्था कर लें। कुमाऊं आयुक्त ने संबंधित आरओ प्रदूषण को जांच कर मुर्गी फार्म को नियम विरुद्ध होने पर उचित कार्रवाई करने के लिए कहा। साथ ही संबंधित फार्म स्वामी को प्रदूषण मानकों का अनुपालन करने के भी निर्देश दिए। जू रोड तल्लीताल नैनीताल निवासी मनोहर सिंह द्वारा अवगत कराया गया कि ग्राम सभा भांगादेवली, पट्टðी मोतियापाथर तहसील लमगड़ा में बाहरी व्यक्ति आदिल नार्गाेलवाला द्वारा अपने 6 परिजनों के नाम से प्रत्येक नाम पर ढाई सौ वर्ग मीटर भूमि क्रय की है, जिनके द्वारा वन पंचायत की भूमि पर मोटर मार्ग बनाया गया। इस संबंध में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने संबंधित उप जिला अधिकारी और तहसीलदार को निर्देशित किया कि इस प्रकरण की उचित ढंग से जांच की जाए और अनुचित पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। रामनगर के सावल्दे पश्चिम सेमलखलिया निवासी शिकायतकर्ता गोविंद सिंह ने अवगत कराया कि लल्लू पुत्र झब्बू जो उत्तराखंड निवासी थे और अविवाहित थे, उनके नाम रामनगर उत्तराखंड में भूमि थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि ठाकुरद्वारा मुरादाबाद निवासी यासीन, यामीन, सलीम और इदरीश के द्वारा लल्लू पुत्र झब्बू के गलत प्रमाण पत्र बनाकर उनकी भूमि पर वारिसान नाम दर्ज किया गया है। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने इस प्रकरण की जांच हेतु तहसीलदार रामनगर को शीघ्र उचित कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया। इसके अतिरिक्त कुमाऊं आयुक्त द्वारा अन्य कई शिकायतों का भी निस्तारण किया गया।
