Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

स्कार्पिओ से डेढ़ करोड़ से अधिक की नकदी बरामद: गुजरात निवासी तीन युवक हिरासत में

सीक्रेट केबिन में रखी थी नगदी
देहरादून (उद संवाददाता)। जनपद में चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के अंतर्गत कैंट पुलिस ने महाराष्ट्र नंबर के एक वाहन से बिना वैध दस्तावेजों के ले जाई जा रही डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की नकदी पकड़ी है। आयकर विभाग की टीम की मौजूदगी में जब वाहन की तलाशी ली गई, तो उसमें बने सीक्रेट केबिन से करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये बरामद हुए। पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया है और पकड़े गए तीनों व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार शाम कैंट पुलिस द्वारा राजेंद्र नगर कौलागढ़ क्षेत्र में सिरमौर मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोका गया। वाहन सवार व्यक्तियों की पहचान सतीश भाई निवासी जिला मेहसाणा गुजरात, ठाकुर जसवंत संघ बनाजी निवासी जिला पाटन गुजरात और सचिन पटेल निवासी विसनागर गुजरात के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा दस्तावेज मांगने पर जब चालक टालमटोल करने लगा, तो कड़ाई से पूछताछ की गई। चालक ने स्वीकार किया कि गाड़ी की बीच वाली और पिछली सीट के बीच एक गुप्त केबिन बनाया गया है, जिसमें भारी मात्र में नकदी छिपाई गई है। सूचना मिलते ही आयकर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुँचे और उनकी उपस्थिति में केबिन खोलकर 1 करोड़ 55 लाख रुपये बरामद किए गए। पूछताछ में वाहन चालक बरामद धनराशि के संबंध में कोई भी वैध प्रपत्र पेश नहीं कर पाया। चालक ने बताया कि वह यह रकम बनारस से लेकर आया था और इसे साथ बैठे जसवंत को देना था। सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि बरामद धनराशि के संबंध में आयकर विभाग की टीम ने तीनों व्यक्तियों के बयान दर्ज किये है और रकम का सटीक आकलन किया जा रहा है। इस प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई आयकर विभाग द्वारा अमल में लाई जाएगी। पुलिस ने नकदी की तस्करी में प्रयुक्त वाहन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *