Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

फौजी के बंद घर से लाखों के जेवर और नगदी पार

हल्द्वानी/कालाढूंगी (उद संवाददाता)। कोतवाली कालाढूंगी के अंतर्गत ग्राम कमोला में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने घर की मोंटी तोड़कर भीतर प्रवेश किया और अलमारी के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुँची पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रामनगर कालाढूंगी स्टेट हाईवे पर बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने स्थित विजय बुधलाकोटी के घर को चोरों ने शुक्रवार की रात खंगाला। विजय बुधलाकोटी सेना में कार्यरत हैं और कुछ दिन पूर्व ही छुट्टðी पर घर आए थे। वह बीते बुधवार को अपने पैतृक गांव बुढलाकोट रातीघाट में आयोजित पूजा पाठ के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सपरिवार गए हुए थे। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर चोरों ने शुक्रवार की रात छत के रास्ते घर में धावा बोल दिया। चोरों ने छत पर बनी मोंटी का शीशा तोड़ा और अंदर दािखल हो गए। घर के भीतर चोरों ने अलमारी के ताले तोड़कर उसमें रखे हजारों रुपये मूल्य के सोने चांदी के जेवरात और नकदी समेट ली और फरार हो गए। घटना की जानकारी शनिवार सुबह पड़ोसियों को हुई, जब उन्होंने घर का सामान अस्त व्यस्त देखा। पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। चोरी की खबर मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा। परिजनों के वापस लौटने के बाद ही चोरी हुए सामान की सटीक सूची प्राप्त हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *