उत्तरकाशी में भूकंप के झटके से दहशत
उत्तरकाशी (उद संवाददाता)। उत्तरकाशी मुख्यालय में देर रात हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। रात के समय अचानक धरती हल्की कांपने से कई लोग डर के कारण अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि भूकंप की तीव्रता काफी कम होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 2-4 मापी गई। भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिला मुख्यालय से उत्तर पूर्व दिशा में करीब चार किलोमीटर दूर जमीन से पांच किलोमीटर की गहराई में स्थित था। भूकंप के झटके मुख्यालय और आसपास के कुछ क्षेत्रें में महसूस किए गए। भूकंप के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग तुरंत अलर्ट मोड पर आ गए। जिला आपदा अधिकारी शार्दुल गुसाई ने बताया कि देर रात को जनपद में भूकंप के झटके महसूस किए गए, लेकिन फिलहाल जिले में कहीं से भी किसी प्रकार के नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। संबंधित विभागों की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उत्तरकाशी जिला भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील जोन में आता है। हिमालयी क्षेत्र में भूगर्भीय हलचल के चलते समय समय पर हल्के भूकंप के झटके महसूस होते रहते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि छोटे भूकंप कई बार धरती के भीतर जमा ऊर्जा को बाहर निकालने का काम करते हैं, लेकिन संवेदनशील क्षेत्रें में सतर्कता बेहद जरूरी होती है। देर रात आए झटकों के बाद लोगों में भय का माहौल जरूर बना, लेकिन राहत की बात यह रही कि भूकंप बेहद हल्का था और किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और आपात स्थिति में प्रशासन व आपदा कंट्रोल रूम से संपर्क करने की अपील की है। फिलहाल उत्तरकाशी में भूकंप के झटके से किसी भी प्रकार की कोई हानि की खबर सामने नहीं आई है।
