Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सीएम धामी ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को दीं शुभकामनाएं

देहरादून/गुवाहाटी (उद संवाददाता)। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को असम के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के भव्य शपथ ग्रहण समारोह में सम्मिलित हुए। गुवाहाटी के खानापारा स्थित वेटरनरी कॉलेज मैदान में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में सीएम धामी ने हिमंता बिस्वा सरमा को लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की कमान संभालने पर हार्दिक बधाई और उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में मौजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई वरिष्ठ नेताओं से आत्मीय मुलाकात की। इससे पूर्व, गुवाहाटी पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री धामी का भव्य स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि असम की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व और हिमंता बिस्वा सरमा के विकास कार्यों पर अटूट विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि एनडीए की यह प्रचंड जीत असम में निरंतर हो रहे ऐतिहासिक परिवर्तनों और डबल इंजन सरकार की नीतियों की सफलता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सरमा के नेतृत्व में असम विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा और पूर्वाेत्तर भारत की समृद्धि में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *