फरियाद सुनकर स्वयं पीड़ित के घर पहुंचे डीएम मनीष कुमार
चम्पावत । जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए जनता मिलन कार्यक्रम में आई एक फरियाद पर शाम को स्वयं पीड़ित के घर पहुंचकर हाल जाना। चम्पावत के बालेश्वर वार्ड निवासी बबीता प्रहरी ने अपने पति विजय प्रहरी की मानसिक अस्वस्थता के उपचार हेतु आर्थिक सहायता की अपील की थी, जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उनके आवास पर मुलाकात की।जिलाधिकारी ने विजय प्रहरी की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और मौके पर ही जिला समाज कल्याण अधिकारी को बुलाकर आवश्यक आर्थिक एवं शासकीय सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि विजय प्रहरी के एमआरआई टेस्ट सहित अन्य सभी आवश्यक चिकित्सीय जांचें जनपद स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि आवश्यकता पड़ी तो जनपद के बाहर भी बेहतर उपचार के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।मुलाकात के दौरान जिलाधिकारी ने परिवार की आर्थिक स्थिति और अन्य समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली। बबीता प्रहरी ने बताया कि संसाधनों के अभाव के कारण उपचार कराना उनके लिए कठिन हो रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को परिवार को शासन स्तर की सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, जिला समाज कल्याण अधिकारी केएस चौहान और अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
