Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

फंदे पर लटका मिला भाजपा नेता के पुत्र का शव

रुद्रपुर (उद संवाददाता)। आदर्श कॉलोनी क्षेत्र में भाजपा नेता के बेटे का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर पंखे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार रविवार रात नरेंद्र ग्रोवर ने आदर्श कॉलोनी चौकी में सूचना दी कि उनके दामाद कपिल देव उर्फ शेरा पुत्र सतनाम सिंह निवासी वैष्णो देवी मंदिर आदर्श कॉलोनी वार्ड नंबर 30 ने घर के अंदर फांसी लगा ली है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि जब परिजनों को कपिल के कमरे से कोई हलचल सुनाई नहीं दी तो उन्होंने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन कमरा अंदर से बंद था। इस पर कपिल के भाई तरुण उर्फ सन्नी ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए। कपिल गुलाबी रंग के दुपट्टðे के फंदे से पंखे पर लटका हुआ था। परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा और उसकी सांसें चलने की उम्मीद में बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही आदर्श कॉलोनी चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मृतक का शव वैष्णो देवी मंदिर के सामने बरामदे में चादर से ढका हुआ मिला। पुलिस ने कमरे का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ ही परिजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। युवक ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक के पिता सतनाम सिंह भाजपा से जुड़े हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *