हरियाणा पुलिस टीम पर हमले के आरोपियों की तलाश जारी
दिनेशपुर । क्षेत्र के उदय नगर गांव में साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने वालों को पुलिस दो दिन बीत जाने के बाद भी गिरफ्रतार नहीं कर पाई है। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।उल्लेखनीय है कि हरियाणा के हांसी थाने में दर्ज साइबर ठगी के मामले में एएसआई प्रेम कुमार अपनी टीम के साथ दिनेशपुर थाने पहुंचे थे। थाने में आमद दर्ज कराने के बाद पुलिस टीम आरोपी भारत सिंह पुत्र नरेंद्र के आवास उदय नगर पहुंची। पुलिस ने जब आरोपी को थाने चलने को कहा, तो वहां मौजूद भारत और उसके साथी पुलिस टीम से उलझ गए। इसी बीच आरोपी एक गाड़ी में सवार हो गया और उसके साथियों ने वाहन के दरवाजे लॉक कर दिए। आरोपियों ने भागने के प्रयास में सामने खड़े एएसआई प्रेम कुमार पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की।खुद को बचाने के लिए एएसआई गाड़ी के बोनट पर लटक गए, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्रतार बढ़ा दी और उन्हें करीब पांच किलोमीटर दूर बसंतीपुर गांव तक घसीटते हुए ले गया। वहां उन्हें नीचे गिराकर आरोपी मौके से फरार हो गए।इस घटना में एएसआई को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद पीड़ित एएसआई ने दिनेशपुर थाने पहुंचकर आरोपी भारत सिंह और उसके आधा दर्जन अज्ञात साथियों के खिलाफ जान से मारने की नीयत से हमला करने की तहरीर दी। थानाध्यक्ष रविन्द्र सिंह बिष्ट ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की गिरफ्रतारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्रतार कर लिया जाएगा।
