प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने श्री बद्रीनाथ धाम पहुंचकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ की पूजा-अर्चना
चमोली। उत्तराखंड भ्रमण पर पहुंचीं कुमारी सैलजा ने रविवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ श्री बद्रीनाथ धाम पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा देश और प्रदेश की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा एवं मनोज यादव भी मौजूद रहे। वहीं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
बद्रीनाथ धाम पहुंचने से पहले प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने राज्य के विभिन्न जनपदों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ संवाद कार्यक्रमों में भाग लिया। इन बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर की तैयारियों और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने, घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, पलायन और मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रही है तथा कांग्रेस इन मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से कांग्रेस उत्तराखंड में मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने बद्रीनाथ धाम में प्रदेश की शांति, विकास और समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना भी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में प्रदेश प्रभारी के दौरे को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
