8 मोटर साइकिलों के साथ 2 शातिर गिरफ्तार, नेपाल में बेचते थे चोरी के वाहन
रूद्रपुर/सितारगंज। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सितारगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय मोटर साइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की आठ मोटर साइकिलें बरामद की हैं। गिरोह के सदस्य ऊधम सिंह नगर, बरेली और बहेड़ी समेत विभिन्न क्षेत्रों से मोटर साइकिल चोरी कर नेपाल में बेचते थे।जनपद में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर एवं क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सितारगंज सुन्दरम शर्मा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम द्वारा पिछले करीब दो माह से वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए लगातार सुरागरसी और पतारसी की जा रही थी।इसी क्रम में सात मई की रात्रि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सिडकुल क्षेत्र स्थित सूखी नदी पुलिया के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन सिकदार पुत्र दिलीप सिकदार निवासी सिमलपुर चुंगी बंगाली कॉलोनी थाना पुलभट्टा तथा समर सिंह पुत्र मनेन्द्र सिंह निवासी शक्तिफार्म नंबर एक बैकुण्ठपुर कोतवाली सितारगंज के रूप में हुई। आरोपियों के कब्जे से शक्तिफार्म के चड़क मेले से चोरी की गई बुलेट मोटर साइकिल बरामद की गई।पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने फरार साथी अमरजीत सिंह के साथ मिलकर सितारगंज, शक्तिफार्म, किच्छा, रुद्रपुर, बाजपुर, बहेड़ी और बरेली सहित विभिन्न क्षेत्रें से मोटर साइकिल चोरी करते थे। चोरी की गई मोटर साइकिलों को नेपाल ले जाकर ऊंचे दामों में बेच दिया जाता था। आरोपियों ने बताया कि अब तक लगभग 25 चोरी की मोटर साइकिलें नेपाल में बेची जा चुकी हैं।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल आठ चोरी की मोटर साइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में बुलेट, दो अपाचे मोटर साइकिल, प्लेटिना, डिस्कवर, हीरो स्प्लेंडर, एनटॉर्क स्कूटी सहित अन्य वाहन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बरामद मोटर साइकिलों के संबंध में बरेली, बहेड़ी और अन्य क्षेत्रें के थानों में मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस फरार आरोपी अमरजीत सिंह की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। वाहन चोरी के इस बड़े खुलासे के बाद पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना की है।वाहन चोर गिरोह का खुलासा करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद, उपनिरीक्षक जगदीश तिवारी, उपनिरीक्षक कैलाश देव,अपर उप निरीक्षक राकेश रौकली, अपर उप निरीक्षक प्रेम सिंह, कांस्टेबल जगदीश कोठियाल, कांस्टेबल भूपाल सिंह, कांस्टेबल सुमित चौधरी, कांस्टेबल कपिल कुमार और कांस्टेबल अशोक बोरा शामिल रहे।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस काअभियान लगातार जारी रहेगा।
