मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं के लिए 4.42 करोड़ की धनराशि को दी मंजूरी
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के तीन जनपदों चम्पावत, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ में विभिन्न विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए 4.42 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने इन प्रस्तावों को मंजूरी देते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। चम्पावत जनपद की लोहाघाट विधानसभा में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत भिंगराड़ा मंदिर सील के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए 74.25 लाख रुपये की कुल स्वीकृति के मुकाबले अवशेष 29.70 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है। साथ ही कंकराली टनकपुर से मां पूर्णागिरी धाम तक यात्रा मार्ग में स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्य के लिए 5 करोड़ की कुल राशि के सापेक्ष 2 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।उत्तरकाशी जनपद की पुरोला विधानसभा के अंतर्गत न्याय पंचायत मुख्यालय जखोल और फिताड़ी में सोमेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण के समतलीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य को भी गति दी गई है। इस परियोजना के लिए स्वीकृत 1.43 करोड़ रुपये में से 10 लाख रुपये की पहली किश्त पहले ही जारी की जा चुकी है और अब अवशेष धनराशि 1.33 करोड़ का 60 प्रतिशत यानी 80.06 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। पिथौरागढ़ जनपद में श्एक जनपद एक नदीश् योजना के तहत गुरघटिया नदी के पुनर्जीवीकरण के लिए बड़ी पहल की गई है। जिला स्तरीय कार्यकारी समिति के प्रस्ताव और राज्य स्तरीय कार्यकारी समिति की पांचवीं बैठक में हुए अनुमोदन के आधार पर 6.59 करोड़ रुपये की योजना को स्वीकृति दी गई है। इसके प्रथम चरण के लिए 40 प्रतिशत धनराशि के रूप में 1.32 करोड़ रुपये की प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी प्रदान कर दी गई है।
