Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रोपवे परियोजनाओं को गति देने के लिए मुख्य सचिव ने कसी लगाम

देहरादून । मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को प्रदेश में रोपवे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न रोपवे परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति पर चर्चा की गई और नियामक प्राधिकरण के रूप में ब्रिडकुल को मजबूत करने पर जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने इसके कार्य और जिम्मेदारियों का प्रारूप शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही जागेश्वर धाम परियोजना में रोपवे को शामिल किए जाने को भी कहा।मुख्य सचिव ने प्रदेश में रोपवे परियोजनाओं की प्राथमिकता तय करने के लिए उपसमिति गठित करने के निर्देश दिए। प्रमुख सचिव नियोजन की अध्यक्षता में गठित इस उपसमिति में सचिव पर्यटन, सचिव आवास, सचिव लोक निर्माण विभाग और नागरिक उîóयन विकास प्राधिकरण को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि यह समिति प्रदेश में बनने वाले रोपवे की प्राथमिकता तय करेगी और शहरों की आवश्यकता के अनुसार किन स्थानों को जोड़ा जाए इसका निर्णय पर्यटन विभाग और स्थानीय प्रशासन मिलकर करेंगे।उन्होंने मसूरी रोपवे परियोजना की समीक्षा करते हुए लोअर टर्मिनल के पास सार्वजनिक सड़क मार्ग से जुड़े मुद्दों को अगले तीन दिन में सुलझाने और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।मुख्य सचिव ने हेमकुंड साहिब और केदारनाथ रोपवे परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने केदारनाथ रोपवे के लिए लोजिस्टिक्स ड्राई रन कर असुरक्षित स्थानों की पहचान कर तत्काल सुधार कार्य शुरू करने को कहा। कुंड ब्रिज और नई बाईपास को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए और जहां नए पुल और बाईपास की आवश्यकता है वहां समय से सर्वे और निर्माण कार्य साथ साथ करने को कहा।उन्होंने केदारनाथ रोपवे के लोअर टर्मिनल पर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए और इसके लिए भूमि चिन्हीकरण और हस्तांतरण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने को कहा। साथ ही हेमकुंड और केदारनाथ रोपवे परियोजनाओं के लिए पर्ट चार्ट तैयार कर उसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में बताया गया कि केदारनाथ रोपवे का एग्रीमेंट साइन हो चुका है और एलओए जारी किया जा चुका है। परियोजना का लिडार सर्वे पूरा हो गया है और तकनीकी सर्वे जारी है। स्टेशन और टावरों के लिए विस्तृत टोपोग्राफी सर्वे भी चल रहा है। वहीं हेमकुंड साहिब रोपवे के लिए एलओए जारी हो चुका है और भूमि सर्वेक्षण का कार्य प्रगति पर है।बैठक में प्रमुख सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव पंकज कुमार पाण्डेय, आर राजेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *