Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

खटीमा में डीएम भदौरिया ने सुनीं जनता की समस्याएं

खटीमा । मंगलवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में विकास खण्ड सभागार खटीमा में तहसील दिवस का आयोजन हुआ। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्याओं को शांत मन एवं संवेदनशील होकर सुनें व तहसील दिवस में पंजीकृत प्रकरणों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि समस्या जिस स्तर की है उसी स्तर पर समाधान होना चाहिए ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्य करते हुए जनता को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।तहसील दिवस में सड़क, नाली निर्माण, हैंडपंप, शिक्षा, आधार कार्ड, राशन कार्ड, पानी, बिजली और भूमि संबंधित कुल 92 शिकायतें पंजीकृत हुईं जिनमें से 22 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने 40 समस्याओं को विभिन्न योजनाओं में रखने के निर्देश दिये। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी कार्यदायी संस्था द्वारा नगर निकाय व लोनिवि की अनुमति लिए बिना सड़क खोदी जाएगी तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ बच्चों के प्रवेश सुनिश्चित किए जाएं। सुनवाई के दौरान ग्राम जरासु प्रतापपुर निवासी इन्द्रजीत सिंह ने भूमि स्वामित्व का अनुरोध किया जिस पर उप जिलाधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए। तिलक नगर निवासी संतोष मेहरोत्रा ने ऐंठा नाले से अतिक्रमण हटाकर सफाई कराने का अनुरोध किया जिस पर नगर पालिका और सिंचाई विभाग को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश मिले। ग्राम प्रधान माया जोशी ने नदन्ना में जल भराव की समस्या रखी जबकि आदर्श कालोनी भुड़ महोलिया के निवासियों ने नाली निर्माण की मांग की। श्रीपुर बिछुआ में अवैध रास्ता बनाने के विरोध पर उप जिलाधिकारी को जांच सौंपी गई। चारूबेटा के क्षेत्र पंचायत सदस्य कमलेश सिंह ने 15 हैंडपंप लगवाने और ग्राम प्रधान चंद्रकला ने चटियाफार्म विद्यालय में वाटर कूलर व पंखे लगवाने की मांग रखी। ग्राम प्रधान महेंद्र पाल ने सस्ता गल्ला विक्रेता को हटाने और नगला तराई में नाली मरम्मत हेतु खंड विकास अधिकारी को मौके पर निरीक्षण के निर्देश दिए गए।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चन्द्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, सांसद प्रतिनिधि रविन्द्र सिंह राणा, दर्जा मंत्री राजपाल सिंह, सतीश भट्टð, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, मुख्य चिकित्साधिकारी केके अग्रवाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी आशुतोष जोशी, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई सुशील कुमार, जलसंस्थान अजय कुमार, तहसीलदार बीरेन्द्र सजवान, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरु(, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नंदिनी तोमर, सहायक निदेशक दुग्ध राजेन्द्र सिंह चौहान, खण्ड शिक्षा अधिकारी भानू प्रताप, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत जीएस भट्ट, खण्ड विकास अधिकारी संजय कुमार गांधी सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *