खाई में गिरा राशन और कोल्ड ड्रिंक से भरा ट्रक,चालक की मौत
मसूरी। देहरादून मसूरी मार्ग पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में राशन और कोल्ड ड्रिंक से भरा ट्रक गहरी खाई में जा गिरा, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई और राहत बचाव के लिए पुलिस, एसडीआरएफ व फायर सर्विस की टीमों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5ः30 बजे मसूरी झील से लगभग 200 मीटर आगे देहरादून की ओर जा रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। ट्रक में कोल्ड ड्रिंक, तेल और अन्य राशन सामग्री लदी हुई थी, जो देहरादून रेलवे स्टेशन से उत्तरकाशी ले जाई जा रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, फायर सर्विस, 108 एंबुलेंस और उप जिला चिकित्सालय की टीम मौके पर पहुंची।खाई अधिक गहरी होने के कारण शुरुआती रेस्क्यू कार्य में दिक्कतें आईं, जिसके बाद एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया गया। संयुक्त टीमों ने समन्वय के साथ अभियान चलाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक चालक और हेल्पर को खाई से बाहर निकाला। इस दौरान चालक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल हेल्पर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।पुलिस के मुताबिक मृतक चालक की पहचान मुबारिक पुत्र इलियास अली निवासी टिमली थाना सहसपुर, देहरादून के रूप में हुई है, जबकि हेल्पर साजिद पुत्र रहमत घायल हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।मामले में मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक को नींद का झोंका आने की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय सतर्कता की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है।
