पत्र वायरल होने के बाद विधायक पाण्डे के खिलाफ मुखर हुए भाजपा नेता
जिस दिन से धामी सीएम बने, कुछ लोगों के पेट में दर्द होने लगाः शुक्ला
रुद्रपुर/किच्छा। उत्तराखंड की सियासत में बयानबाजी तेज होती जा रही है। किच्छा के पूर्व भाजपा विधायक राजेश शुक्ला ने सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय पर तीखा हमला बोला है। शुक्ला ने आरोप लगाया कि पांडेय कांग्रेस के कंधे पर बंदूक रखकर भाजपा सरकार और संगठन को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।शुक्ला ने अपने बयान में सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल तक जो पत्र पहुंचा, वह आिखर कैसे पहुंचा। यदि पांडेय ने पत्र नहीं भेजा, तो फिर वह कांग्रेस तक कैसे पहुंच गया। उन्होंने इसे साजिश करार देते हुए कहा कि यह पूरा घटनाक्रम भाजपा की छवि खराब करने के उद्देश्य से रचा गया है।उन्होंने कहा कि जिस दिन पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री पद संभाला, उसी दिन से कुछ लोगों को परेशानी होने लगी और तभी से सरकार को अस्थिर करने के प्रयास शुरू हो गए। शुक्ला ने आरोप लगाया कि कुछ नेता व्यक्तिगत स्वार्थ के चलते पार्टी और सरकार के खिलाफ माहौल बनाने में लगे हुए हैं।शुक्ला ने अपने बयान में कहा कि बुक्सा और सिख समाज को न्याय दिलाने की बात करना गलत नहीं है, लेकिन इसके नाम पर राजनीति करना और सरकार को बदनाम करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समाज के मुद्दों को राजनीतिक हथियार बनाना उचित नहीं है।पूर्व विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि अरविंद पांडेय कांग्रेस के साथ मिलकर भाजपा सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने पार्टी हाईकमान से मांग की कि ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और जरूरत पड़े तो उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाए।शुक्ला ने कहा कि भाजपा एक अनुशासित संगठन है और इसमें अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी नेतृत्व को इस मामले का संज्ञान लेकर उचित निर्णय लेना चाहिए, ताकि कार्यकर्ताओं और आम जनता में गलत संदेश न जाए।इस बयान के बाद क्षेत्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं कि आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है। अब सभी की नजरें भाजपा नेतृत्व पर टिकी हैं कि वह इस पूरे प्रकरण में क्या रुख अपनाता है।
नामधाारी ने की पांडे पर गंभीर आरोपों की बौछार
रुद्रपुर। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की हालिया प्रेसवार्ता में जारी बयान के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। भाजपा नेता सुखदेव सिंह नामधारी ने शुक्रवार देर शाम प्रेसवार्ता कर गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय पर तीखा हमला बोला और कई गंभीर आरोप लगाए।नामधारी ने कहा कि उन्हें पहले से ही इस तरह की स्थिति का अंदेशा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पांडेय कांग्रेस के इशारे पर सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं और भाजपा सरकार की छवि धूमिल करने का ठेका उठा रखा है। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मांग की कि पांडेय को शीघ्र पार्टी से बाहर किया जाए।उन्होंने यह भी दावा किया कि पांडेय के खिलाफ 30 से अधिक मामले दर्ज हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। नामधारी ने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में पांडेय ने सरकार पर दबाव बनाकर मुकदमे वापस करवाए।इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा मंत्री रहते हुए पांडेय पर भाई- भतीजावाद का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने अपने परिजनों को लाभ पहुंचाने के लिए पद का दुरुपयोग किया। नामधारी ने सवाल उठाया कि पांडेय किन संसाधनों से वाहन का उपयोग करते थे और ईंधन का खर्च कहां से आता था। उन्होंने दावा किया कि उनके पास इससे संबंधित बिलों के साक्ष्य मौजूद हैं।नामधारी ने पांडेय से उनकी संपत्ति और जमीनों का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पांडेय को स्वयं आगे आकर सभी तथ्यों को स्पष्ट करना चाहिए।इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है और अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी नेतृत्व और संबंधित एजेंसियां इन आरोपों पर क्या रुख अपनाती हैं।
