Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कुमाऊं के सात शहरों के मास्टर ड्रेनेज प्लान को मिली मंजूरी

हल्द्वानी । कुमाऊं मंडल के विभिन्न शहरों में जल भराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा दिए गए आदेशों के अनुपालन में मंडल के 7 शहरों के लिए तैयार मास्टर ड्रेनेज प्लान को हरी झंडी दे दी गई है। मंडलायुक्त कैंप कार्यालय हल्द्वानी में आयुक्त कुमाऊं व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की उपस्थिति में सिंचाई तथा विभिन्न विभागों के अभियंताओं द्वारा इस योजना का पावर पॉइंट प्रजेंटेशन किया गया। आयुक्त ने सभी प्रस्तावों को मंजूरी देते हुए प्रमुख सचिव सिंचाई विभाग उत्तराखंड को प्रेषित कर दिया है। मंडलायुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पहाड़ी क्षेत्रों के साथ ही मैदानी क्षेत्रों में भी कम समय में अधिक वर्षा होने से उत्पन्न होने वाली जल भराव की समस्या के स्थायी एवं दीर्घकालिक समाधान में किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे। उन्होंने निर्देशित किया कि नालों की गहराई एवं चौड़ाई वैज्ञानिक तरीके से निर्धारित हो। उन्होंने जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों को प्राथमिकता देने तथा विभागीय समन्वय के साथ मास्टर प्लान पर समयबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने आवश्यकतानुसार कैचपिट की व्यवस्था करने और नालों के ढाल पर विशेष ध्यान देने को कहा ताकि कूड़ा जमा होने से नाले जाम न हों। प्रस्तुतीकरण के दौरान अधिशासी अभियंताओं ने शहरवार ड्रेनेज की वर्तमान स्थिति, संवेदनशील बिंदुओं और प्राकृतिक जल निकासी मार्गों के सर्वेक्षण सहित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट ;डीपीआरद्ध की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना से नालों की शत प्रतिशत कनेक्टिविटी होगी, जिससे जल भराव और अनियंत्रित अपवाह से राहत मिलेगी। बैठक में सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि कपकोट शहर में 10.14 किमी लंबे नाले हेतु 37.28 करोड़ और बागेश्वर शहर में 35.32 किमी ड्रेन हेतु 129.50 करोड़ का प्रस्ताव तैयार किया गया है।इसी प्रकार गरुड़ में 8.28 किमी ड्रेन हेतु 25.54 करोड़, पिथौरागढ़ नगर में 16.77 किमी ड्रेन हेतु 87.85 करोड़, टनकपुर में 31.32 किमी ड्रेन हेतु 101.57 करोड़ और बनबसा में 25.606 किमी ड्रेनेज हेतु 66.57 करोड़ की लागत प्रस्तावित है, जिन्हें समिति द्वारा संस्तुति प्रदान की गई। बैठक में मुख्य अभियंता सिंचाई संजय शुक्ल, संजीव श्रीवास्तव, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पीएस बृजवाल, उप कार्यक्रम निदेशक यूयूएसडीए मृदुला सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों के अधिशासी अभियंता और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *