डीवीएस कम्पनी के श्रमिकों ने हड़ताल कर किया प्रदर्शन
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। सिडकुल सेक्टर 11 स्थित डीवीएस इण्डस्ट्रीज प्रा-लि- के सैकड़ों श्रमिकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर गांधी पार्क में धरना प्रदर्शन प्रारम्भ कर दिया। रोषित श्रमिकों का कहना है कि कम्पनी प्रबंधन द्वारा उनका पिछले कई वर्षों सें उत्पीड़न किया जा रहा है। न उनके वेतन में कोई बढ़ोत्तरी की जा रही है और न ही दीवाली पर बोनस ही दिया जा रहा है। अपनी मांगों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि उनका वेतन 18 हजार रूपये प्रति माह किया जाये, सेलरी स्लिप हर माह दी जाये, ओवर टाईम चार घंटे का दिया जाये, दीपावली पर्व पर बोनस दिया जाये, किसी भी कर्मचारी पर काम का अतिरिक्त बोझ न डाला जाये, हर वर्ष महंगाई भत्ता दिया जाये, आन्दोलित किसी भी कर्मी को कम्पनी से न निकाला जाये, केंटीन में दिये जाने वाले खाने की गुणवत्ता सही की जाये, इसके अलावा उन्होंने कम्पनी की श्रमिकों से सम्बंधित अन्य समस्याओं का समाधान करने की भी मांग की। उन्होंने बताया कि इस सन्दर्भ में उन्होंने शुक्रवार को कम्पनी की एचआर हेड किरन व मैन्यूफैक्चरिेग मैनेजर संदीप से वार्ता की थी। लेकिन वार्ता का कोई परिणाम नहीं निकला। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी न्यायोचित मांगों का समाधान नहीं किया जाता वह हड़ताल पर ही रहेंगे। इस दौरान मनोज, रोहित, सतेन्द्र, कमल, लखन, नारायण, योगेन्द्र, बंटी, रिंकू,राजेश, सत्यपाल, त्रिलोक, नवीन, अनिल सहित सैकड़ों श्रमिक मौजूद थे।
