किच्छा में सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण
किच्छा। गंगवार फार्म बरा में आयोजित सरदार एकता संदेश समारोह के दौरान शनिवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की नवनिर्मित प्रतिमा का विधि-विधान से लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया और कहा कि भारत के पहले उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के रूप में उन्होंने आजादी के बाद 560 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया था।राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के उधम सिंह नगर में सरदार पटेल की प्रतिमा स्थापित होना गौरव की बात है। यह कदम आने वाली पीढ़ियों को सही दिशा देने का कार्य करेगा। उन्होंने उत्तराखंड को त्याग, तपस्या, वीरता और राष्ट्रभक्ति की भूमि बताते हुए कहा कि यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध संस्कृति सभी को कर्तव्यनिष्ठ होने का संदेश देती है। सरदार पटेल को एक दृढ़ निश्चयी, दूरदर्शी और कुशल प्रशासक बताते हुए उन्होंने कहा कि वे भारतीय प्रशासनिक सेवा के संस्थापक और राष्ट्रवादी आंदोलनों के प्रमुख स्तंभ थे। बारडोली और खेड़ा सत्याग्रह जैसी चुनौतियों का उन्होंने कुशलता से नेतृत्व किया और उनके लिए सदैव राष्ट्र की सुरक्षा और एकता सर्वाेपरि रही।उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आ“वान किया कि सभी को जाति, धर्म, संप्रदाय, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रीय हित में कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों को सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से जोड़ने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस दौरान उन्होंने प्रतिमा स्थापना में सहयोग करने वाले सभी को बधाई दी। कार्यक्रम में ईश्वरी प्रसाद गंगवार, रेनू गंगवार,सुरेश गंगवार सहित अनेक जन प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक रहे।

