केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने थपथपाई मुख्यमंत्री की पीठ
हरिद्वार(उद संवाददाता)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के देवभूमि उत्तराखण्ड आगमन पर आज जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने पुष्पगुच्छ भेंट कर केंद्रीय गृह मंत्री का अभिनंदन किया। वैरागी द्वीप में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली और राज्य सरकार की उपलब्धियों की जमकर सराहना की। अमित शाह ने विशेष रूप से मुख्यमंत्री की पीठ थपथपाते हुए कहा कि धामी सरकार के पिछले चार साल का कार्यकाल बेमिसाल रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के युवा नेतृत्व में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। अमित शाह ने राज्य में हुए विकास कार्यों, बुनियादी ढांचे में सुधार और जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि उत्तराखंड आने वाले समय में देश के अग्रणी राज्यों में शुमार होगा। उन्होंने देवभूमि की जनता को आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और राज्य को हरसंभव तकनीकी व वित्तीय मदद देने के लिए सदैव तत्पर रहेगी। गृह मंत्री के इस खुले समर्थन और प्रशंसा से न केवल सरकार का मनोबल बढ़ा है, बल्कि आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में भी नया जोश भर गया है।
