Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

वाहन की मरम्मत कर रहे चालक को ट्रक ने मारी टक्कर,मौत

रुद्रपुर। गतरात्रि पुलभट्टा थाना क्षेत्र में सिरौली पुलिया के मसीप खराब हुए ट्रक की मरम्मत कर रहे चालक को किच्छा की ओर से तेज गति से आ रहे अज्ञात ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में मरम्मत कर रहे ट्रक चालक सहित तीन लोगों को गंभीर चोटें आ गयीं जिन्हें उपचार के लिए राजकीय अस्पताल किच्छा ले जाया गया जहां ट्रक चालक की हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। घायलों में क्लीनर को गंभीर हालत में बरेली रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार ग्राम मिल्तापुर थाना बहेड़ी रिछा निवासी जीतपाल उर्फ जीतू पुत्र कृष्णपाल पिछले काफी समय से ट्रक संख्या यूपी-25टी/8232 चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। उसके साथ ग्राम का ही निवासी सोनू व ग्राम पुनागोटिया देवरनिया बरेली निवासी जयप्रकाश भी सहयोगी चालक व क्लीनर के रूप में कार्यरत हैं। बताया जाता है कि गत देर सायं चालक जीतू सोनू व जय प्रकाश के साथ ट्रक चलाकर किच्छा की ओर जा रहा था। मार्ग में सिरौली पुलिया के समीप ट्रक में खराबी आ गयी जिस पर जीतू सोनू व जय प्रकाश के साथ  ट्रक से नीचे उतरा और ट्रक की मरम्मत करने लगा। इसी दौरान किच्छा की ओर से तेज गति से आते अज्ञात ट्रक चालक ने तीनों को टक्कर मार दी और कुछ दूर आगे जाकर चालक वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय किच्छा भिजवाया जहां जीतू व सोनू की हालत चिंताजनक होने पर जीतू को जिला चिकित्सालय व सोनू को बरेली रेफर कर दिया गया। जहां जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने जीतू को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन जिला चिकित्सालय पहुंचे और उनमें कोहराम मच गया। चिकित्सालय से सूचना मिलने पर सिडकुल चौकी पुलिस ने चिकित्सालय पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और मृतक के परिजनों से आवश्यक जानकारी ली और पंचनामा भरकर शव को पोस्मार्ट मे लिए भिजवाया। मृतक जीतू के पिता कृष्णपाल मजदूरी करते हैं जबकि मृतक छह भाईयों में मझला था और उसकी चार माह की मासूम पुत्री है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *