अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के सदस्य दबोचे
काशीपुर(उद संवाददाता)। कोतवाली थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से चुराई गई चोरी की तीन मोटरसाइकिलें व एक स्कूटी के साथ पुलिस टीम ने अंतराज्यीय वाहन चोर गिरोह के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार चोरों के खिलाफ यूपी उत्तराखंड के विभिन्न स्थानों में दर्जनों गंभीर मामले पंजीकृत है। जानकारी के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से कोतवाली थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से अज्ञात चोरों द्वारा बेहद शातिराना अंदाज में दो पहिया वाहन चोरी किए जाने का मामला प्रकाश में आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्र ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाल हरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित कर चोरों के पीछे लगा दिया। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए संदिग्ध चेहरों के पीछे मुखबिर लगा दिए गए। बीते दिवस मुखबिर द्वारा पुलिस टीम को सूचना मिली कि नौगजा कब्रिस्तान में कुछ लोग चोरी की गाड़ियों को ठिकाने लगाने की फिराक में है। इसी सूचना पर पुलिस टीम तत्काल हरकत में आ गई। उसने बताएं स्थान की घेराबंदी कर मौके से दो वाहनो के साथ दो संदिग्ध लोगों को दबोच लिया। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दो और मोटरसाइकिलें बरामद की। पुलिस की कड़ी पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम धोबियान वाली मस्जिद के पास मोहल्ला फतेहुल्लाह गंज, तहसील ठाकुरद्वारा जनपद मुरादाबाद उत्तर प्रदेश निवासी अजहरुद्दीन पुत्र छुम्मन तथा दूसरे ने अपना नाम पिपली राजपुर थाना डिलारी जनपद मुरादाबाद उत्तर प्रदेश निवासी दिनेश पाल पुत्र अजब सिंह बताया। पुलिस की सख्ती के आगे दोनों टूट गए। पुलिस के हत्थे चढ़े चोरों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि अंतरराज्यीय चोर गिरोह के गिरफ्तार सदस्यों में अजहरुद्दीन के खिलाफ यूपी उत्तराखंड के थानों में आठ गंभीर मामले पंजीकृत है जबकि पकड़े गए दिनेश पाल के खिलाफ पांच मामले पंजीकृत है। कार्यवाही करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक काशीपुर के अलावा उप निरीक्षक कौशल भाकुनी, गिरीश चंद्र, कांस्टेबल प्रेम सिंह कनवाल, गिरीश मठपाल व ईश्वर सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे।
