2027 के मिशन हैट्रिक को करना है साकार: भाजपा की राज्य स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला का आयोजन
देहरादून(उद संवाददाता)। राजधानी में भाजपा की राज्य स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला का आयोजन हुआ, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य 2027 के मिशन हैट्रिक को साकार करना और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी-एल- संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह-प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, और प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजय भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें अनेक योजनाएं चला रही हैं। भारत की संस्कृति को पुनः स्थापित किया जा रहा है और राष्ट्र चेतना को एक मजबूत आधार प्रदान किया जा रहा है। भारत आज अपनी जड़ों से जुड़ते हुए विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है। सीएम धामी ने यह भी कहा कि पीएम मोदी पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने मध्यम वर्ग के लिए भी कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। नेक्स्ट जेन जीएसटी के माध्यम से आमजन और व्यापारियों को राहत मिली है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि बीते दिन ही उत्तराखंड भाजपा की नई टीम ने कार्यभार संभाला है और पार्टी कार्यालय में पूजा-अर्चना के साथ ‘हैट्रिक की जीत’ का संकल्प लिया गया। नई कार्यकारिणी में कुंदन परिहार और तरुण बंसल को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि दीप्ति भारद्वाज को पहली बार महिला महामंत्री के रूप में नियुक्त किया गया है। जगमोहन सिंह रावत ने प्रदेश कार्यालय सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि इस एक दिवसीय कार्यशाला का मुख्य एजेंडा मिशन 2027 को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में यह तय किया जाएगा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रें में नए जनप्रतिनिधियों की टीम को किस प्रकार से बूथों पर सक्रिय किया जाए। इसके साथ ही सरकार की उपलब्धियों को संगठन के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने और प्रकोष्ठों व मोर्चों की बूथ इकाइयों के गठन को लेकर भी रणनीति तैयार की जा रही है।


