एमबीपीजी कॉलेज में छात्रों के दो गुटों के बीच झड़प,हंगामा
हल्द्वानी(उद संवाददाता)। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर माहौल लगातार तनावपूर्ण होता जा रहा है। बुधवार को कॉलेज गेट के बाहर छात्रों के दो गुटों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान टैक्सी यूनियन से जुड़े कुछ बाहरी लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिससे हालात और अधिक बिगड़ गए। अचानक शुरू हुई धक्का-मुक्की और नारेबाजी ने माहौल को अराजक बना दिया।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में लिया। हंगामा कर रहे कुछ छात्रों को हिरासत में लेकर सख्त हिदायत दी गई। फिलहाल कॉलेज गेट के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है ताकि कोई भी स्थिति नियंत्रण से बाहर न हो। छात्रसंघ अध्यक्ष पद को लेकर कमल बोरा और अभिषेक गोस्वामी के बीच सीधी टक्कर बताई जा रही है, जिससे छात्र गुटों में खींचतान बढ़ गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी तरह की अराजकता या बाहरी हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
