भूरारानी की निर्मल पाइप फैक्ट्री में भीषण आग, प्लास्टिक पाइप, टैंक व अन्य सामग्री जलकर खाक
रुद्रपुर। भूरारानी क्षेत्र स्थित निर्मल पाइप फैक्ट्री में बुधवार तड़के भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। देखते-देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री परिसर में रखे प्लास्टिक पाइप, टैंक व अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6 बजे अचानक फैक्ट्री में आग भड़क उठी। चूँकि फैक्ट्री में प्लास्टिक से संबंधित सामान तैयार होता है, इसलिए आग तेजी से फैल गई। फैक्ट्री परिसर से उठते घने काले धुएं ने न केवल भूरारानी क्षेत्र बल्कि पूरे शहर के आसमान को ढक दिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ मौके पर पहुँची और दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक फैक्ट्री में रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो चुका था। अभी तक आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुँचे और हालात का जायजा लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह-सुबह अचानक धुएँ के गुबार उठते ही इलाके में दहशत फैल गई। आग इतनी विकराल थी कि आसपास रहने वाले लोगों ने अपने घरों का सामान बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर जाकर खुद को बचाया। दमकल विभाग द्वारा आग पर काबू पाने के प्रयासों के बाद स्थिति सामान्य हो सकी। फिलहाल फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
