ऑपरेशन कालनेमि के तहत बड़ी कार्रवाई : अवैध रूप से रह रही दो बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस ने ऑपरेशन कालनेमि के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जो पटेलनगर थाना क्षेत्र के पूजा विहार, चंद्रबनी इलाके में पिछले कुछ समय से अवैध रूप से रह रही थीं। गिरफ्तारी के बाद इन दोनों को डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस, एलआईयू और एसओजी की संयुक्त टीम इलाके में संदिग्धों की पहचान और सत्यापन अभियान चला रही थी। इसी दौरान जब दो महिलाएं संदिग्ध हालात में घूमती मिलीं, तो टीम ने उन्हें रोका और पूछताछ शुरू की। जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र और परिवार रजिस्टर बरामद हुआ। पूछताछ में महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे पश्चिम बंगाल बॉर्डर से गैरकानूनी तरीके से भारत में दािखल हुईं और कुछ समय से देहरादून में रह रही थीं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं की पहचान यासमीन पुत्री मोहम्मद तोहिद मियां, निवासी सिलहट (बांग्लादेश) और राशिदा बेगम पुत्री मोहम्मद उल्ला, निवासी चटग्राम (बांग्लादेश) के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों महिलाओं के विरुद्ध विदेशी अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है, और उन्हें जल्द ही बांग्लादेश डिपोर्ट किया जाएगा। इस सिलसिले में उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। गौरतलब है कि देहरादून पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ऑपरेशन कालनेमि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ एक विशेष अभियान है। इस अभियान के तहत अब तक 5 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर डिपोर्ट किया जा चुका है, जबकि 7 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है।
