उत्तराखंड में आपदाग्रस्त इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर सकते हैं प्रधानमंत्री मोदी
देहरादून। प्रदेश में हालिया बाढ़ और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं ने हालात को गंभीर बना दिया है और अब केंद्र सरकार भी इस ओर पूरी सतर्कता दिखा रही है। सूत्रें की मानें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड के आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा कर सकते हैं। अनुमान है कि पीएम मोदी व्यक्तिगत रूप से हवाई सर्वेक्षण कर नुकसान का आकलन करेंगे और प्रभावित क्षेत्रें का जायजा लेंगे। प्रदेश में आपदाओं से अब तक लगभग 5700 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार प्रधानमंत्री से संपर्क में हैं और राज्य में आपदा प्रभावित इलाकों की स्थिति के बारे में उन्हें अपडेट दे रहे हैं। कल 8 सितंबर को केंद्र की एक उच्चस्तरीय टीम भी उत्तराखंड पहुंचेगी। यह टीम प्रभावित जिलों का दौरा करेगी, नुकसान का जायजा लेगी और प्रभावित परिवारों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए स्थिति का विस्तृत मूल्यांकन तैयार करेगी। राज्य सरकार ने केंद्र को आपदा राहत और पुनर्निर्माण के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की मांग करते हुए गृह मंत्रलय को विस्तृत रिपोर्ट भेज दी है। राज्य सरकार का मानना है कि केंद्र की टीम की रिपोर्ट के बाद प्रधानमंत्री का उत्तराखंड दौरा अधिक स्पष्ट रूप से तय होगा। इसके साथ ही उम्मीद की जा रही है कि पीएम मोदी के दौरे के बाद राज्य को राहत कार्यों, पुनर्निर्माण और प्रभावित परिवारों को सहायता देने के लिए बड़े पैमाने पर मदद मिलेगी। विशेषज्ञों का कहना है कि प्रधानमंत्री का दौरा न केवल प्रभावित क्षेत्रें में राहत कार्यों को गति देगा, बल्कि राज्य और केंद्र के बीच समन्वय को भी मजबूत करेगा। प्रदेशवासियों में भी उम्मीद जगी है कि इस दौरे से जल्द से जल्द राहत और पुनर्निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।
