फर्जी सीआईडी अफसर बनकर डॉक्टर को किया होम अरेस्ट : दो घंटे तक जांच का नाटक करता रहा
किच्छा। आवास विकास की पॉश कॉलोनी में मंगलवार अपरार्िं एक सनसनीखेज घटना सामने आई। एक अज्ञात युवक सीआईडी अफसर बनकर महापात्र क्लिनिक होम्योपैथिक गाबा चौक में घुस गया और डॉक्टर गौरंग महापात्र को करीब दो घंटे तक ‘होम अरेस्ट’ कर जांच का नाटक करता रहा। आरोपी ने खुद को जीएसटी व इनकम टैक्स विभाग से जुड़ा बताते हुए डॉक्टर पर कर चोरी और अवैध कागजात से क्लीनिक संचालन के आरोप गिनाए तथा डिग्री और तमाम दस्तावेज खंगाल डाले। यही नहीं, उसने डॉक्टर से जीएसटी न देने की बात कहकर क्लिनिक और आवासीय कमरों की तलाशी भी ली। डॉ. महापात्र ने बताया कि घटना के समय वह और उनकी पत्नी क्लीनिक के केबिन में मौजूद थे। करीब 3 बजे एक अनजान व्यक्ति पिस्टल के साथ अंदर आया और खुद को सीआईडी ऑफिसर बताते हुए जांच शुरू कर दी। उसने वहां मौजूद सभी मरीजों को बाहर भेज दिया और फिर डॉक्टर दंपति से पूछताछ करने लगा। आरोपी लगातार यह दोहराता रहा कि उनके खिलाफ टैक्स चोरी की शिकायत आई है और उसी की जांच करने वह आया है। डॉ. महापात्र ने बताया कि आरोपी उड़िया भाषा में बात कर रहा था, चूंकि वह स्वयं भी उसी भाषा से संबंधित हैं, इसलिए उन्हें उस समय शक नहीं हुआ। आरोपी ने उनके सभी कागजात, डिग्री और यहां तक कि घर-ऑफिस के कमरों की तलाशी ली। वह लगातार नकदी और जेवरात के बारे में पूछता रहा। लेकिन जब दो घंटे की जांच के बाद भी कुछ हाथ नहीं लगा, तो आरोपी यह कहकर चला गया कि अब आपको कोतवाली पुलिस गिरफ्तार करेगी। धमकी देकर वह गाड़ी में बैठा और फरार हो गया। डॉक्टर को जब शक हुआ कि यह शख्स फर्जी था, तब उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों और व्यापार मंडल पदाधिकारियों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही देवभूमि व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष विजय अरोड़ा, महामंत्री नितिन फुटेला, गुलशन सिंधी, पूर्व सभासद संदीप अरोड़ा समेत बड़ी संख्या में व्यापारी और गणमान्य लोग क्लिनिक पहुंचे और सामूहिक रूप से कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। इस दौरान नगर के वरिष्ठ व्यापारी नेता राजू कालड़ा, हरजीत बग्गा, आशु गाबा, अनूप मिगलानी, सोनू लोगानी, महेंद्र फुटेला, सोनू आहूजा, पंकज पपनेजा, गुरजीत सिंह खुराना, शिखर पपनेजा, गौतम अरोड़ा, सौरभ ठक्कर, कुलदीप सिंह, आशु ठक्कर, मनोज कुमार, विनय अरोड़ा, सुभाष, दर्शन सिंह हिंदुस्तानी, बिट्टठ्ठू अरोड़ा, प्रहलाद खुराना, ईश्वर बागवानी, मनोज गुप्ता, सार्थक खुराना, संदीप गोयल सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे। कोतवाली पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।
फर्जी सीआईडी अफसर की हो रही तलाशः कोतवाल
किच्छा। फर्जी सीआईडी अफसर बनकर चिकित्सक को 2 घंटे होम अरेस्ट करने के प्रकरण में कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति द्वारा मामला उनके संज्ञान में लाया गया है। पुलिस सीसी फुटेज के माध्यम से युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है तथा उसके विषय में जानकारी एकत्रित की जा रही है उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसे प्रकरणों में यदि कोई भी व्यक्ति सीआईडी सीबीआई या अन्य किसी भी सरकारी अधिकारी तौर पर जांच पड़ताल करता है तो सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है तथा ऐसे प्रकरण में तुरंत आसपास अपने मित्रों को या पुलिस को सूचित करें ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में आया है शीघ्र ही शातिर की पहचान करते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

