शाह-पांडे की मुलाकात से चढ़ा तराई का पारा : पांडे ने उठाया किसानों की जमीन समस्या का मुद्दा
रुद्रपुर(उद संवाददाता)। पूर्व शिक्षा मंत्री एवं गदरपुर से विधायक अरविंद पांडे ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने अमित शाह को राष्ट्र की एकता और सुरक्षा के लिए उनके समर्पण तथा माँ भारती की सेवा में सबसे लंबे समय तक योगदान देने के लिए हार्दिक बधाई दी। गृहमंत्री अमित शाह के बुलावे पर हुई इस विशेष भेंट के दौरान विधायक अरविंद पांडे ने बाजपुर क्षेत्र के लगभग 20 गाँवों की जमीन से जुड़ी किसानों की समस्या को विस्तारपूर्वक उनके समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि किसानों की जमीन से जुड़े लंबे समय से चले आ रहे विवाद और जटिलताओं के कारण ग्रामीणों की आजीविका प्रभावित हो रही है। इस पर गृहमंत्री अमित शाह ने गंभीरता से विचार करते हुए विधायक पांडे को मार्गदर्शन दिया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। मुलाकात के बाद तराई क्षेत्र में इस घटना ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। लोग इसे केवल किसानों की समस्या तक सीमित नहीं मान रहे, बल्कि इसे भविष्य की राजनीतिक रणनीतियों से भी जोड़कर देख रहे हैं। विश्लेषकों का मानना है कि अरविंद पांडे की यह पहल उन्हें क्षेत्रीय राजनीति में नई ताकत दिला सकती है। वहीं, किसानों में भी इस बात की उम्मीद जगी है कि अब उनकी दशकों पुरानी समस्या का हल निकल सकता है। अमित शाह से पांडे की मुलाकात को राजनीतिक विश्लेषक एक विशेष नजरिए से देख रहे हैं और इसका अपने तरीके से विश्लेषण कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि अमित शाह से हुई इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान विधायक अरविंद पांडे के सुपुत्र अतुल पांडे भी मौजूद रहे। कुल मिलाकर, यह मुलाकात केवल औपचारिक शिष्टाचार भर नहीं रही, बल्कि उसने तराई की राजनीति में नए समीकरण और नई संभावनाएँ खड़ी कर दी हैं।
