गुलदार ने सात वर्षीय बालक पर किया हमला
पौड़ी(उद संवाददाता)। सतपुली मल्ली क्षेत्र में देर रात गुलदार ने एक टैंट में सो रहे मासूम बच्चे पर हमला कर दहशत फैला दी। घटना रात करीब 11ः30 बजे की है। गुलदार टैंट फाड़कर अंदर घुसा और सात वर्षीय सूरज सिंह पुत्र तिलक सिंह पर झपट पड़ा। गुलदार के हमले में बच्चे के हाथ पर गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने शोर मचाकर किसी तरह बच्चे को गुलदार के चंगुल से छुड़ाया और तत्काल उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने बच्चे का उपचार शुरू कर दिया है। लगातार हो रही गुलदार की गतिविधियों से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही लोग घरों से बाहर निकलने से कतराने लगे हैं। बच्चों और बुजुर्गों को लेकर विशेष चिंता बनी हुई है। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुँची। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में पिंजरे लगाए गए हैं। साथ ही ट्रैप कैमरे भी लगाए गए हैं और गश्त बढ़ा दी गई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अकेले जंगल या सुनसान स्थानों में न जाने की अपील की है।
