किच्छा रोड हाईवे पर बेकाबू ट्रक से कुचलकर राहगीर की दर्दनाक मौत
रुद्रपुर(उद संवाददाता)। गुरुवार रात तीनपानी तिराहा किच्छा रोड हाईवे पर सड़क पार कर रहे एक अज्ञात पैदल व्यक्ति की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मृतक का शरीर बुरी तरह क्षत- विक्षत हो गया और ट्रक के पहियों में फंसकर वह कई मीटर तक घिसटता चलागया। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार, ट्रक किच्छा की ओर से तेज गति से जा रहा था और उसने सड़क पार कर रहे अज्ञात व्यक्ति को सीधा कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। ट्रक में लोहे का स्क्रैप भरा हुआ था। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई, जिससे हाईवे पर जाम लग गया। सूचना पाकर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करते हुए जाम खुलवाया। मृतक का शव कई टुकड़ों में बिखरा हुआ था, जिसे पुलिस ने एकत्र कर कट्टðों में भरकर एम्बुलेंस के माध्यम से मार्चरी भेजा। हादसे के दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। ट्रक के आगे यूपी 44 बीटी 7635 नंबर अंकित है, जबकि पीछे बीआर 246 डी 1979 नंबर लिखा था, जिससे वाहन संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने आसपास के थानों को सूचना देकर पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
