उत्तराखण्ड में जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत प्रमुखों के चुनाव 14 अगस्त को होंगे
देहरादून। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड ने प्रदेश के सभी जनपदों (हरिद्वार को छोड़कर) में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष तथा क्षेत्र पंचायतों के प्रमुख, ज्येष्ठ उप प्रमुख एवं कनिष्ठ उप प्रमुख पदों के चुनाव की तिथि घोषित कर दी है। यह चुनाव 14 अगस्त को होंगे।राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री सुशील कुमार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, जिला एवं क्षेत्र पंचायतों के पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया 11 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चलेगी। उसी दिन अपराह्न 3:30 बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 12 अगस्त पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक निर्धारित की गई है।मतदान 14 अगस्त को पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संपन्न होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना प्रारंभ कर दी जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया संबंधित जिला पंचायत मुख्यालयों पर पूरी की जाएगी।
