मतगणना में धांधली के खिलाफ तहसील में धरना
सितारगंज (उद संवाददाता)।जिला पंचायत प्रत्याशी ने मतगणना में धांधलीकरण का आरोप लगाते हुए तहसील परिसर में समर्थकों और समाज के लोगों के साथ धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वह चुनाव जीत गए थे लेकिन उन्हें धांधली कर हरा दिया। जिला पंचायत प्रत्याशी ने एसडीएम को मामले में शिकायती पत्र देकर उचित कार्रवाई की मांग की है। शनिवार को तहसील परिसर में जिला पंचायत प्रत्याशी रहे करमजीत सिंह हैप्पी के समर्थन में सैकड़ो की संख्या में समर्थक और समाज के लोग एकत्र हो गए। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी नव तेजपाल सिंह भी तहसील परिसर पहुंचे और उन्होंने वहां चल रहे धरने में समर्थन दिया। जिला पंचायत प्रत्याशी कर्मजीत सिंह ने आरोप लगाया कि मतगणना के दिन उनके साथ गिनती में धांधली की गई है। धांधली कर दूसरे प्रत्याशी को जिताया गया है। उन्होंने दावा किया चुनाव में वह लगभग 750 वोटो से जीते थे। लेकिन उन्हें धन लेकर हरा दिया। जिम्मेदारों ने इस मामले में उन्हें कोई संतुष्ट जवाब नहीं दिया है। इसके विरोध में करमजीत सिंह हैप्पी के समर्थक और समाज के लोगों ने तहसील कार्यालय में धरना दे दिया है। ग्रामीणों के आक्रोश को देख पुलिस प्रशासन चौकस हैं। जिला पंचायत प्रत्याशी कर्मजीत सिंह ने प्रशासन को पत्र भेज कर मामले में निष्पक्ष जांच कर परिणाम घोषित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कार्रवाई नहीं होने पर समर्थक आंदोलन करेंगे।
