Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ बोर्ड बैठक में वैश्विक विस्तार पर बनी रणनीति, 15 से अधिक नवीन उत्पादों को शामिल किया 

देहरादून। राज्य के प्रमुख जैविक और हिमालयी उत्पाद ब्रांड श्हाउस ऑफ हिमालयाजश् की पांचवीं बोर्ड बैठक सोमवार को सचिवालय में मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में उत्पादों की गुणवत्ता, नवाचार, ब्रांड विस्तार और वैश्विक बाजार में उपस्थिति को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की गई। मुख्य सचिव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ को एक प्रेरणादायक और भरोसेमंद वैश्विक ब्रांड के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें उत्तराखंड की पारंपरिक विरासत और शुद्धता की झलक दिखाई देती है। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि ब्रांड की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और प्रत्येक जैविक उत्पाद का प्रमाणन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ट्रेसेबिलिटी और ब्रांड स्टोरीटेलिंग को उपभोक्ता विश्वास के लिए अनिवार्य बताते हुए कहा कि सभी उत्पादों पर फत् कोड के माध्यम से उनकी उत्पत्ति और प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने प्रचार-प्रसार को और अधिक प्रभावी बनाते हुए आमजन तक ब्रांड की जानकारी पहुँचाने पर जोर दिया। बैठक में यह जानकारी दी गई कि ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ को दिसंबर 2023 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉन्च किया गया था और लॉन्च के बाद बेहद कम समय में इस ब्रांड ने 2.1 करोड़ की बिक्री कर मिसाल कायम की है। यह ब्रांड राज्य की 40 से अधिक सामुदायिक संस्थाओं के माध्यम से 3,000 से अधिक महिलाओं को प्रत्यक्ष रूप से आजीविका उपलब्ध करा रहा है। वर्तमान में ब्रांड का उत्पाद पोर्टफोलियो 50 से अधिक स्टॉक कीपिंग यूनिट्स तक विस्तृत है, जिनमें प्राकृतिक, हर्बल और प्रमाणित जैविक उत्पाद शामिल हैं। ब्रांड की बिक्री देशभर में प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म जैसे अमेजॉन, ब्लिंकिट जियो मार्ट और मॉडर्न ट्रेड चैनलों जैसे नेचुरल बास्केट के माध्यम से की जा रही है। इसके साथ ही 26 प्रीमियम स्थलों पर भौतिक उपस्थिति दर्ज कराई गई है। मई 2025 में जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर ब्रांड का एक्सक्लूसिव आउटलेट केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उद्घाटित किया गया। इसके अतिरिक्त 11 प्रमुख होटलों और पर्यटन स्थलों पर रिटेल कार्ट्स तथा चारधाम यात्रा मार्ग, एयरपोर्ट्स और प्रतिष्ठित संस्थानों में 13 फ्लोर स्टैंडिंग यूनिट्स की स्थापना की गई है। बैठक में नए उत्पादों के विकास पर भी विशेष चर्चा हुई, जिसमें 15 से अधिक नवीन उत्पादों को शामिल किया गया है। इनमें लेमनग्रास, रोजमेरी, मिंट और लैवेंडर जैसे एसेंशियल ऑयल्स, कैमोमाइल, बद्री तुलसी और सी-बकथॉर्न जैसे हर्बल इन्फ्रयूजन, साथ ही कनार घी, सिंहाड़ा कुकीज, बासमती चावल, पहाड़ी अंजीर से बना जैम और प्राकृतिक रंगों से बने ऊनी स्टोल जैसे विशिष्ट हिमालयी उत्पाद सम्मिलित हैं। भविष्य की रणनीति के तहत कंपनी देश के प्रमुख बाजारों जैसे दिल्ली-एनसीआर, महाराष्ट्र और कर्नाटक में रिलायंस Úेशपिक, ले मार्चे और फूड स्क्वायर के माध्यम से प्रवेश करने की योजना बना रही है, वहीं बिग बास्केट और जेप्टो जैसे प्रमुख ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी ब्रांड को ऑनबोर्ड किया जा रहा है। वैश्विक स्तर पर ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ की उपस्थिति अमेरिका के ‘अपना बाजार’ के माध्यम से होगी, जबकि अमेजॉन ग्लोबल के जरिए यूएई और अमेरिका के उपभोक्ताओं तक उत्पाद पहुँचेंगे। विदेश मंत्रालय के सहयोग से दूतावासों और उच्चायोगों के माध्यम से ब्रांड की पहुंच को और व्यापक बनाया जाएगा। साथ ही बीओ ऑफ इंडिया के माध्यम से ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बाजारों में भी ब्रांड के प्रवेश की योजना है। कंपनी का लक्ष्य वित्त वर्ष 2025-26 तक 10 करोड़ और 2026-27 तक 25 करोड़ की बिक्री हासिल करना है। बैठक में यह भी बताया गया कि अप्रैल 2024 में कंपनी का गठन कर 10 करोड़ की प्रारंभिक पूंजी जुटाई गई थी। राज्य मंत्रिमंडल द्वारा इसके वित्तीय एवं प्रशासनिक नियमों को अनुमोदन प्रदान किया गया है। संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करते हुए 22 प्रमुख पदों की भर्ती प्रक्रिया प्रगति पर है, साथ ही 22 ट्रेडमार्क के लिए आवेदन किया गया है, जिनमें से 11 को स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ अपने सुदृढ़ गवर्नेंस मॉडल, उद्योग विशेषज्ञों के परामर्श और बहु-स्तरीय विपणन रणनीति के बल पर राज्य-नेतृत्व वाले ब्रांडिंग मॉडल के क्षेत्र में एक विशिष्ट और प्रभावशाली उदाहरण के रूप में उभर रहा है। बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, सचिव श्रीमती राधिका झा, दिलीप जावलकर, डॉ बी. वी. आर. सी. पुरुषोत्तम, डॉ वी. षणमुगम, धीरज सिंह गरब्याल, पूर्व मुख्य सचिव श्री इंदु कुमार पांडे, पूर्व निदेशक एलबीएसएनए संजीव चोपड़ा, कुलपति यू.पी.एस.ई. राम के शर्मा तथा हाउस ऑफ हिमालयाज की प्रबंध निदेशक सुश्री झरना कामठान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *