कुंडेश्वरी में पांच अवैध मजारों पर चला बुल्डोजर
लाव लस्कर के साथ तड़के की गई कार्रवाई,सरकारी सीलिंग भूमि पर बनी थीं अवैध मजारें
काशीपुर(उद संवाददाता)। अवैध कब्जों के खिलाफ सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत गुरूवार तड़के काशीपुर के कुंडेश्वरी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। प्रशासन ने सरकारी सीलिंग भूमि पर अवैध रूप से बनी पांच मजारों को बुल्डोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था । प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह मजारें कुंडेश्वरी स्थित सरकारी आमबाग की सीलिंग भूमि पर बिना किसी वैध दस्तावेज के अवैध रूप से बनाई गई थीं। लंबे समय से इन पर अवैध कब्जा चल रहा था। स्थानीय प्रशासन ने इन कब्जों को हटाने से पहले करीब 15 दिन पूर्व कब्जाधारियों को नोटिस जारी किया था, जिसमें उन्हें मजारों से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था। निर्धारित समयसीमा के भीतर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए गुरूवार तड़के बुल्डोजर की मदद से पांचों मजारों को गिरा दिया। कार्रवाई को लेकर पहले से ही पूरी तैयारी की गई थी और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी। कार्रवाई के दौरान कोई विरोध या हंगामा नहीं हुआ और पूरे अभियान को शांतिपूर्वक अंजाम दिया गया। चौंकाने वाली बात ये थी कि जहां ये मजारें बनी थीं, वहां किसी प्रकार के कोई अवशेष नहीं मिले- इससे ये पुष्टि हो गई कि मजारें अवैध रूप से बनाई गई थीं। प्रशासनिक सूत्रें के अनुसार, उत्तराखंड सरकार की ओर से सभी जिलों में अवैध धार्मिक स्थलों की पहचान और उन्हें हटाने का अभियान लगातार जारी है। अब तक प्रदेश में 537 अवैध मजारों को चिन्हित कर हटाया जा चुका है, जिनमें कई जिलों में अब भी कार्रवाई लंबित है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी प्रकार के अवैध धार्मिक अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
