नदी में फंसे 11 मजदूरों को एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला
देहरादून (उद संवाददाता)भारी बारिश के चलते विकासनगर-यमुना नदी बाढवाला क्षेत्र में नदी का अचानक जलस्तर बढ़ गया और नदी किनारे काम कर रहे मजदूर फंस गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर मजदूरों को बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार डाकपत्थर चौकी क्षेत्र के बाडवाला साधना केंद्र के समीप यमुना नदी मे कुछ मजदूर अपनी ध्याडी मजदूरी मे जुटे हुए थे, जिनमें चार महिलाएं और सात पुरुष कार्य कर रहे थे। सभी अपने कार्य मे इतने व्यस्त थे कि उन्हें यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने का आभास ही नहीं हुआ। देखते ही देखते यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया और नदी मे काम कर रहे महिलाएं और पुरुष मजदूर व एक ट्रैक्टर नदी के बीच में फंस गए जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस-प्रशासन को दी। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम सूचना पर मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उफनती नदी से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने बताया कि सुबह नदी मे मजदूरों के फंसे होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और यमुना नदी से सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गौर हो कि उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी है- लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। प्रशासन की चेतावनी के बाद भी लोग जान जोिखम में डाल रहे हैं।
