Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अलकनंदा नदी में गिरी बस,दो की मौत : बस में एक ही परिवार के 17 लोगों सहित 20 लोग थे सवार

तीन गंभीर घायलों को किया एयरलिफ्ट, कई लापता
रुद्रप्रयाग(उद संवाददाता)। बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर घोलतीर में एक टैंपो ट्रैवलर बस अलकनंदा नदी में गिर गई । बस उफनती अलकनंदा नदी में समा गई । बस में चालक समेत 20 तीर्थ यात्री सवार थे। जिनमें 17 एक ही परिवार के बताये जा रहे हैं। बस में सवार दो यात्रियों के शव बरामद कर लिये गये हैं जबकि नौ लापता हैं। अन्य दस लोग बस से छिटककर घायल हो गये। उन्हें अस्पताल भर्ती कराया गया है। तीन गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर ऋषिकेश एम्स भेजा गया है। लापता यात्रियों की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब पौने आठ बजे हुई। टैंपेा ट्रैवलर वाहन संख्या यूके 08पीए 7444 तीर्थ यात्रियों को रूद्रप्रयाग से बद्रीनाथ दर्शन के लिए लेकर जा रहा था। राजस्थान के उदयपुर से एक ही परिवार के 17 लोग इस वाहन में सवार थे। जो केदारनाथ दर्शन के बाद बद्रीनाथ दर्शन के लिए जा रहे थे। सुबह करीब पौने आठ बजे घोलतीर के पास स्टेट बैंक मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर सीधे खाई में गिरकर अलकनंदा में समा गयी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस हादसे के दौरान कई लोग छिटककर पहाड़ी पर अटक गए। महिला सहित दो तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। कुछ लोग तेज बहाव में बह गये। घटना स्थल से एक शव बहकर शिवपुरी तक पहुंच गया। जिसे रेस्क्यू कर निकाला गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही घोलतीर पुलिस चौकी से पुलिस बल और रुद्रप्रयाग से एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया। नदी का तेज बहाव राहत और बचाव कार्य में चुनौती बना हुआ है। बचाव टीम लगातार प्रयास कर रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया । हादसे के बाद से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। घायलों में दीपिका सोनी, निवासी सिरोही मीना वास, राजस्थान उम्र 42 वर्ष। , हेमलता सोनी, निवासी प्रताप चौक, गोगुण्डा गोगुण्डा, राजस्थान, उम्र 45 वर्ष, ईश्वर सोनी, निवासी ई 202 पर्वत सिलिकॉन पैलेस, नियर अर्चना स्कूल, गुजरात उम्र 46 वर्ष, अमिता सोनी, निवासी 701 702 बिल्डिंग नं- 3 मीरा रोड, महाराष्ट्र, उम्र 49 वर्ष। सोनी भावना ईश्वर, निवासी ई 202 पर्वत सिलिकॉन पैलेस, नियर अर्चना स्कूल, गुजरात, उम्र 43 वर्ष।, भव्य सोनी, निवासी ई 202 सिलिकॉन पैलेस, बाम्बे मार्केट, नियर अर्चना स्कूल, गुजरात, उम्र 07 वर्ष, पार्थ सोनी, निवासी वार्ड नं- 11, राजगढ़, वीर सावरकर मार्ग ग्राम राजगढ़ मध्य प्रदेश, उम्र 10 वर्ष, सुमित कुमार(चालक), पुत्र नरेश कुमार, निवासी बैरागी कैम्प, हरिद्वार की पहचान हो पायी है। अन्य के बारे में समाचार लिखे जाने तक विवरण नहीं मिल पाया था। तीन गंभीर घायलों को एयर लिफ्ट कर ऋषिकेश एम्स भेजा गया है। अस्पताल में भर्ती घायल चालक सुमित ने बताया कि केदारनाथ दर्शन के बाद बदरीनाथ दर्शन के लिए जा रहे थे। तभी एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दौरान कुछ लोग वाहन से बाहर छिटक गए। चालक के अलावा अस्पताल में भर्ती अन्य यात्रियों ने भी यही बात बताई। वहीं घायल भावना ने बताया कि रात को रुद्रप्रयाग में रुके थे। आज सुबह लगभग साढ़े सात बजे बदरीनाथ के लिए रवाना हुए थे। तभी यह यह हादसा हो गया। यात्री राजस्थान के उदयपुर से यात्र पर आए थे। घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है उन्होंने कहा कि जनपद रुद्रप्रयाग में टेंपो ट्रैवलर के नदी में गिरने का समाचार अत्यंत दुःखद है। एसडीआरएफ सहित अन्य बचाव दलों द्वारा युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन से संपर्क में हूं। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *