February 26, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान छह वाहन आपस में टकराकर पलटे.एक की मौत,तीन लोग गंभीर

देहरादून (उद संवाददाता)। आशारोड़ी में देर रात छह गाड़ियां आपस में टकराकर पलट गईं। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर हैं, जिनमें दो सेल्स टैक्स अधिकारी भी हैं। जानकारी के अनुसार दिल्ली-देहरादून हाईवे पर शहर के बाहर आशारोड़ी के पास चेक पोस्ट है। यहां जांच के लिए माल वाहक वाहन समेत अन्य गाड़ियां रोकी जाती हैं। बुधवार रात को भी जांच के लिए अधिकारियों ने एक यूटिलिटी को रोका था। इसके पीछे एक कार ने ब्रेक लगाए और उसके पीछे आ रहे कंटेनर के ब्रेक नहीं लगे और दाई तरफ जाकर उसने यूटिलिटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि यूटिलिटी और कंटेनर पलट गए। पीछे से आ रहे दो डंपर भी कंटेनर से टकराकर पलट गए। घटनास्थल पर एक कार भी पलटी है और बाइक भी टकरा गई। हादसे में यूटिलिटी में सवार दो लोगों में से एक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुखदेव निवासी दमकड़ी सहारनपुर के रूप में हुई। सुखदेव का बेटा सुधांशु गंभीर रूप से घायल है। इस दौरान सेल्स टैक्स के कर्मचारी सुमन दास और नवीन महर भी घायल हुए हैं। पुलिस ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है जबकि घायलों को अस्पताल भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *